- बेंगलुरु पुलिस ने एम कृपलानी को महिला सीमा शुल्क अधिकारी को ब्लैकमेल और मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया है
- कृपलानी ने नौ वर्षों तक रिश्ता निभाने का नाटक कर सीमा शुल्क विभाग की संवेदनशील जानकारियां हासिल की थीं
- आरोपी ने महिला अधिकारी को धमकी देकर निजी तस्वीरें सार्वजनिक करने की धमकी दी और शारीरिक हिंसा की
दोस्ती, शादी का झांसा, ब्लैकमेल की साजिश रचने का एक ऐसा मामला बेंगलुरु में सामने आया है, जिसे जान पुलिस भी हैरान रह गई. बेंगलुरु पुलिस ने एम. कृपलानी नामक एक व्यक्ति को एक महिला सीमा शुल्क (कस्टम) अधिकारी को ब्लैकमेल और कथित मारपीट करने के आरोपों में गिरफ्तार किया है. आरोपी इलेक्ट्रॉनिक्स का कारोबार करता है और उसके खिलाफ पहले से ही कई शिकायतें दर्ज होने की बात सामने आई है. पुलिस इस मामले को एक सोची-समझी साजिश के रूप में देखते हुए जांच कर रही है.
रिश्ते का नाटक कर, कस्टम डिपार्टमेंट की खामियों जानी
पुलिस जांच के अनुसार, कृपलानी और महिला अधिकारी की जान-पहचान लगभग नौ वर्षों पुरानी है. इस दौरान आरोपी ने महिला अधिकारी के साथ रिश्ते का नाटक किया और शादी का वादा कर उसका विश्वास जीता. इस भरोसे का फायदा उठाकर उसने कस्टम डिपार्टमेंट के कामकाज, जांच प्रक्रियाओं और उनमें मौजूद खामियों से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां हासिल कीं. पुलिस को आशंका है कि इन जानकारियों का इस्तेमाल कर कृपलानी ने सीमा शुल्क जांच से बचते हुए अवैध व्यापारिक गतिविधियों को अंजाम दिया.
कस्टम अधिकारियों पर झूठे केस दर्ज कराए
आरोप है कि बाद में कृपलानी ने महिला अधिकारी को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. उसने धमकी दी कि यदि उसकी मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो वह महिला की निजी तस्वीरें और वीडियो सार्वजनिक कर देगा. पीड़िता की शिकायत के अनुसार, आरोपी ने उसके साथ शारीरिक हिंसा की और यौन उत्पीड़न भी किया. इसके अलावा, उस पर यह भी आरोप लगा है कि उसने महिला अधिकारी का दुरुपयोग कर अन्य सीमा शुल्क अधिकारियों के खिलाफ झूठे केस दर्ज करवाए और उनसे पैसे वसूलने का प्रयास किया.
ये भी पढ़ें :- मंत्री जी के नाम के आगे ‘माननीय' नहीं लिखा, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पुलिस को फटकारा, जानें पूरा मामला
कृपलानी का रहा है आपराधिक इतिहास
इस मामले में शुरुआती शिकायत येलाहांका पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए बाद में जांच को इंदिरा नगर पुलिस स्टेशन ट्रांसफर कर दिया गया, जहां विशेष टीम पूरे प्रकरण की जांच कर रही है. जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ है कि कृपलानी का आपराधिक इतिहास रहा है. एक पुराने मामले में उसकी मां ने उसके लापता होने का दावा करते हुए अदालत में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की थी. हालांकि, बाद में कृपलानी एक होटल में छिपा हुआ पाया गया था, जिसके बाद अदालत ने उस पर दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया था. पुलिस को आशंका है कि कृपलानी की गतिविधियों से कई अन्य सीमा शुल्क अधिकारी भी प्रभावित हो सकते हैं.
ये भी पढ़ें :- 1,300 करोड़ की धोखाधड़ी, 80 FIR और अधूरा पड़ा 'वेनिस मॉल' प्रोजेक्ट... SC ने रद्द की सतिंदर सिंह भसीन की जमानत
पुलिस ने ऐसे सभी संभावित पीड़ितों से आगे आकर बिना डर के शिकायत दर्ज कराने की अपील की है, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके और दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं