विज्ञापन

ईरान के खिलाफ परमाणु हथियार इस्तेमाल करेंगे ट्रंप? अमेरिका ने कहा- 'ऐसा नहीं होगा बेवकूफों'

व्हाइट हाउस ने उन अटकलों को खारिज कर दिया है, जिसमें कहा जा रहा था कि ईरान के खिलाफ अमेरिका परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है. हालांकि, व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने इस पर कुछ साफ-साफ नहीं कहा.

ईरान के खिलाफ परमाणु हथियार इस्तेमाल करेंगे ट्रंप? अमेरिका ने कहा- 'ऐसा नहीं होगा बेवकूफों'
  • अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को धमकी दी, जिससे वैश्विक चिंता बढ़ गई
  • अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने टूलकिट में ऐसे औजार होने की बात कही जो अभी तक इस्तेमाल नहीं हुए
  • व्हाइट हाउस ने परमाणु हमले की अटकलों को खारिज कर दिया और ऐसे बयान देने वालों को अपमानित किया
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
वॉशिंगटन डीसी:

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जब कहा कि आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी तो इसके बाद आशंका जताई जाने लगी कि ईरान पर परमाणु हमला हो सकता है. ट्रंप की यह धमकी होर्मुज स्ट्रेट खोलने और समझौता करने पर दी गई डेडलाइन खत्म होने से कुछ घंटे पहले आई. ट्रंप की धमकी के बाद अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने यह कहकर और चिंता बढ़ा दी कि हमारे पास टूलकिट में ऐसे औजार हैं, जिनका इस्तेमाल करने का हमने अब तक फैसला नहीं किया है. हालांकि, उन्होंने उम्मीद भी जताई कि बातचीत से इनका इस्तेमाल करने की नौबत नहीं आएगी.

पहले ट्रंप और फिर जेडी वेंस की बातों से डर बढ़ गया कि ईरान के खिलाफ अमेरिका परमाणु हथियार का इस्तेमाल कर सकता है. पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस से जुड़े एक अकाउंट ने भी कहा कि वेंस की टिप्पणियों का मतलब यह था कि ट्रंप शायद परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर सकते हैं.

व्हाइट हाउस ने X पर इन अटकलों को खारिज कर दिया. साथ ही ऐसी अटकलें लगाने वालों को अपमानित किया. व्हाइट हाउस के हैंडल ने पोस्ट किया, 'उपराष्ट्रपति ने यहां जो कुछ भी कहा, उसका मतलब बिल्कुल भी यह नहीं निकलता. तुम एकदम बेवकूफ हो.'

हालांकि, जब न्यूज एजेंसी AFP ने व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट से पूछा कि क्या ट्रंप परमाणु हथियार का इस्तेमाल करने के लिए तैयार हैं? तो उनका जवाब उतना साफ नहीं था. उन्होंने कहा, 'सिर्फ राष्ट्रपति ही जानते हैं कि हालात क्या हैं और वह क्या करेंगे.'

यह भी पढ़ेंः 'तार' की धुन से शांति का संदेश... ट्रंप की धमकी के बाद ईरान के पावर प्लांट में दो दिन से बैठा कलाकार कौन है?

कैरोलिन लेविट ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा कि 'ईरानी शासन के पास आज रात 8 बजे तक का समय है कि वह इस मौके का फायदा उठाए और अमेरिका के साथ कोई समझौता करे. सिर्फ राष्ट्रपति ही जानते हैं कि मौजूदा स्थिति क्या है और वह आगे क्या कदम उठाएंगे.'

इससे पहले ट्रंप ने मंगलवार शाम को ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर ईरान को सीधी धमकी दी थी. उन्होंने कहा था, 'आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी, जिसे फिर कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा. मैं नहीं चाहता कि ऐसा हो लेकिन शायद ऐसा होगा.'

Latest and Breaking News on NDTV

ट्रंप ने यह भी कहा कि पूरी तरह से सत्ता बदल गई है, जहां अलग, ज्यादा समझदार और कम कट्टर सोच वाले लोग हैं तो शायद कुछ बहुत ही शानदार और क्रांतिकारी हो सकता है, कौन जाने? उन्होंने अपनी पोस्ट में आगे कहा, 'हमें आज रात पता चल जाएगा, जो दुनिया के लंबे और जटिल इतिहास के सबसे अहम पलों में से एक है. 47 सालों की जबरदस्ती, भ्रष्टाचार और मौत का सिलसिला आखिरकार खत्म हो जाएगा.'

वहीं, ट्रंप और अमेरिका की ओर से मिल रही धमकियों के बावजूद ईरान झुकने को तैयार नहीं है. ईरान के उपराष्ट्रपति मोहम्मद रजा आरिफ ने कहा कि ईरानी सभ्यता ने हजारों सालों से अपने दुश्मनों के 'भ्रम' को मात दी है. उन्होंने कहा कि ईरान ट्रंप की धमकियों से डरने वाला नहीं है.

यह भी पढ़ेंः क्या एक रात में ईरान को 'खत्म' कर सकते हैं ट्रंप? पूरी ताकत भी लगा दें तब भी क्यों है ऐसा नामुमकिन!

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com