विज्ञापन

अमेरिका और ईरान की जंग को 'एक पन्ने का मेमो' कर देगा खत्म? बात बनी तो दोनों को क्या मिलेगा

अमेरिका-ईरान के बीच जंग खत्म होने के संकेत मिले हैं. बताया जा रहा है कि दोनों देश 'वन-पेज मेमो' पर समझौते के करीब पहुंच रहे हैं.

अमेरिका और ईरान की जंग को 'एक पन्ने का मेमो' कर देगा खत्म? बात बनी तो दोनों को क्या मिलेगा
  • अमेरिका और ईरान युद्ध खत्म करने के लिए एक पन्ने के मेमोरेंडम पर सहमति बनाने के करीब पहुंच गए हैं
  • इस मेमो में ईरान परमाणु हथियार न बनाने और अमेरिकी प्रतिबंध हटाने की शर्तों पर चर्चा कर रहा है
  • अमेरिका ने उम्मीद जताई है कि अगले 48 घंटों में ईरान की ओर से इस प्रस्ताव पर जवाब मिलेगा
नई दिल्ली:

अमेरिका और ईरान दो महीने से ज्यादा लंबे वक्त से लड़ रहे हैं. बातचीत की कोशिशें हो रही हैं, लेकिन बात बन नहीं पा रही है. लेकिन अब एक ऐसी खबर आई है जो थोड़ी राहत देती है. बताया जा रहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच जंग जल्द ही खत्म हो सकती है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि अमेरिका और ईरान जंग खत्म करने को लेकर 'वन-पेज मेमोरेंडम' के करीब पहुंच रहे हैं. 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में किसी खास प्रस्ताव का कोई जिक्र तो नहीं किया, लेकिन यह जरूर कहा कि जंग खत्म हो सकती है, अगर ईरान वह देने पर सहमत हो जाए जिस पर सहमति बनी है.

अब सामने आया है कि अमेरिका और ईरान के बीच के एक पन्ने के मेमो को लेकर बातचीत चल रही है. अमेरिकी मीडिया आउटलेट एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक, एक पन्ने का यह मेमो अमेरिका और ईरान के बीच औपचारिक रूप से युद्ध खत्म कर देगा. अगर इस पर सहमति बन जाती है तो होर्मुज दोबारा खुल जाएगा, ईरान पर लगे अमेरिकी प्रतिबंध हट जाएंगे और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर अंकुश लगाने को लेकर बातचीत शुरू हो जाएगी.

अमेरिका को उम्मीद है कि अगले 48 घंटों में ईरान की ओर से जवाब आ जाएगा. अभी तक किसी बात पर सहमति नहीं बनी है लेकिन सूत्रों का कहना है कि जंग शुरू होने के बाद से यह पहला मौका है जब दोनों पक्ष किसी समझौते के इतने करीब पहुंचे हैं.

यह भी पढ़ेंः ऐसा क्या हुआ कि ट्रंप ने होर्मुज में रोक दिया प्रोजेक्ट फ्रीडम? ईरान को लेकर करने लगे शांति की बात

क्या है इस 'वन-पेज मेमो' में?

फाइनल डील पर बात तब शुरू होगी, जब इस एक पन्ने के मेमो पर सहमति बनेगी. बताया जा रहा है कि इस मेमो में ईरान यह वादा करेगा कि वह कभी भी परमाणु हथियार बनाने की कोशिश नहीं करेगा और न ही हथियारों से जुड़ी कोई गतिविधि करेगा.

एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि दोनों पक्ष एक ऐसे नियम पर चर्चा कर रहे हैं जिसके तहत ईरान यह वादा करेगा कि वह जमीन के नीचे बनी परमाणु सुविधाओं को चालू नहीं करेगा. ईरान पर निगरानी भी बढ़ेगी. 

बदले में अमेरिका यह वादा करेगा कि वह ईरान पर लगाए गए प्रतिबंधों को धीरे-धीरे हटाएगा और दुनियाभर में फ्रीज उसके अरबों डॉलर के फंड को धीरे-धीरे रिलीज करेगा.

दिलचस्प बात यह है कि ईरान अपने एनरिच्ड यूरेनियम को देश से बाहर भेजने पर भी शायद राजी हो जाए. यह अमेरिका की प्राथमिकता रही है. बताया जा रहा है कि इस एनरिच्ड यूरेनियम को अमेरिका भेजा जाए.

यह भी पढ़ेंः क्या डॉल्फिन को बम पहनाकर अमेरिका के जहाज को उड़ाने जा रहा ईरान? ट्रंप के रक्षा मंत्री ने दे दिया जवाब

सहमति बनी तो क्या होगा?

अगर इस एक पन्ने के मेमो को दोनों मान लेते हैं तो ईरान का परमाणु कार्यक्रम बंद हो जाएगा. बदले में अमेरिका अपने प्रतिबंध हटाएगा और ईरान के जो अरबों डॉलर फ्रीज हैं, उन्हें जारी करेगा. इसके अलावा, दोनों पक्ष होर्मुज स्ट्रेट की आवाजाही पर लगी पाबंदियां हटाएंगे. 

सूत्रों का कहना है कि अगर दोनों पक्ष इस मेमो को मानकर युद्ध खत्म कर देते हैं तो 30 दिन तक दोनों के बीच लंबी बातचीत होगी ताकि एक फाइनल डील हो सके. सूत्रों का बताना है कि यह समझौता इस्लामाबाद या जेनेवा में हो सकता है. 

फाइनल डील नहीं हुई तो...?

एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर कोई फाइनल डील नहीं होती है तो अमेरिका होर्मुज पर अपनी नाकाबंदी फिर से शुरू कर सकता है और जंग भी फिर से शुरू हो सकती है.

सूत्रों ने बताया कि यूरेनियम एनरिचमेंट को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही है. अमेरिका इसे 20 साल तक रोकने की मांग कर रहा है. जबकि, ईरान ने 5 साल की रोक का प्रस्ताव रखा है. सूत्रों का कहना है कि 12 से 15 साल की रोक पर सहमति बन सकती है.

सूत्रों का यह भी कहना है कि अमेरिका एक ऐसा प्रावधान शामिल करना चाहता है जिसके तहत एनरिचमेंट के मामले में किसी भी उल्लंघन से यह रोक और बढ़ जाएगी. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
America Israel And Iran War, America Iran, America Israel Iran War, Donald Trump, America Iran Deal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com