विज्ञापन

उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट, चारधाम और आदि कैलाश यात्रा 27 सितंबर तक स्थगित 

उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते पिथौरागढ़ के तवाघाट में लगातार मलबा आने से मार्ग बंद कर दिया गया है. जिले की 25 ग्रामीण सड़कें भी बंद हैं.

उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट, चारधाम और आदि कैलाश यात्रा 27 सितंबर तक स्थगित 
उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते कई मार्गों को बंद किया गया है.

उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी है. इसे देखते हुए राज्य में चारधाम यात्रा और आदि कैलाश यात्रा को अगले दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है. 26 सितंबर और 27 सितंबर के लिए चारधाम यात्रा और आदि कैलाश यात्रा पर रोक लगाई गई है. गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने चारधाम यात्रा स्थगित करने को लेकर पत्र भी जारी किया है. उत्तराखंड के कई हिस्सों में देर रात से लगातार बारिश हो रही है. मौसम विभाग पहले ही 26 सितंबर और 27 सितंबर के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी कर चुका है. देहरादून, उत्तरकाशी, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, उधम सिंह नगर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और चंपावत में देर रात से लगातार बारिश हो रही है.

जिलाधिकारियों को व्यवस्था बनाने के निर्देश

भारी बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे एहतियात के तौर पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं कर लें. उत्तराखंड में इस समय चारधाम यात्रा चल रही है. इसके अलावा आदि कैलाश की यात्रा भी जारी है. ऐसे में लाखों यात्री चारों धामों के साथ-साथ अन्य पर्यटक स्थलों और आदि कैलाश की यात्रा पर हैं. लगातार बारिश की वजह से पहाड़ों से सड़कों पर पत्थर गिरने की संभावना बनी हुई है.

इसके अलावा कई जगहों पर भूस्खलन का भी खतरा है. मौसम विभाग के रेड अलर्ट को देखते हुए गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने गढ़वाल मंडल के सभी जिलाधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की. सभी जिलाधिकारियों से मिले फीडबैक और स्थानीय परिस्थितियों के आकलन के बाद चारधाम यात्रा को 27 सितंबर तक स्थगित करने का फैसला लिया गया.

यात्रियों से प्रशासन की अपील

आयुक्त गढ़वाल ने कहा कि यात्रा मार्गों पर मौसम और सड़क की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है. संबंधित जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों को यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें. भारी वर्षा या प्रतिकूल मौसम की स्थिति में प्रशासन द्वारा लिए गए निर्णयों में सहयोग करें.

चमोली के ऊंचे क्षेत्रों और हेमकुंड साहिब में सुबह से बर्फबारी हो रही है. हेमकुंड साहिब में हो रही बर्फबारी और खराब मौसम के चलते यात्रा पर भी असर पड़ा है. कुमाऊं मंडल में भी मौसम को लेकर रेड अलर्ट जारी है. आदि कैलाश यात्रा को भी स्थगित कर दिया गया है. कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने मौसम विभाग के अलर्ट के बाद प्रशासन को एहतियाती कदम बढ़ाने के निर्देश दिए हैं. संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को कहा गया है.

तवाघाट मार्ग बंद, कई ग्रामीण सड़कें प्रभावित

भारी बारिश के चलते पिथौरागढ़ के तवाघाट में लगातार मलबा आने से मार्ग बंद कर दिया गया है. जिले की 25 ग्रामीण सड़कें भी बंद हैं. नैनीताल जिले में बलियानाला, आलूखेत और किशनपुर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों को नदी-नालों और गधेरों की ओर नहीं जाने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन ने लोगों से कहा है कि बेहद जरूरी होने पर ही मौसम की जानकारी लेकर यात्रा करें. बारिश के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी संभावित हादसे को टाला जा सके. आपदा की स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखा गया है.

यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR के आसमान में काले बादलों का डेरा, लेकिन बिना बारिश अचानक ठंडा क्यों हो गया मौसम?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uttarakhand Rain, Uttarakhand Rain Red Alert, Uttarakhand Char Dham Yatra
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com