उत्तराखंड में एक बार फिर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. जबकि आज सुबह से केदारनाथ धाम की पैदल यात्रा पर भी ब्रेक लग गया है. केदारनाथ के रास्ते में चीरबासा हेलीपैड के पास शुक्रवार रात हुई भारी बारिश के बाद पहाड़ी से भारी मलबा और पत्थर गिरने से केदारनाथ पैदल मार्ग बंद हो गया है. संवेदनशील क्षेत्र में लगातार पत्थर और मलबा गिरने की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सोनप्रयाग और गौरीकुंड से आगे पैदल यात्रा फिलहाल रोक दी है. मार्ग को खोलने के लिए मौके पर राहत एवं बचाव से जुड़ी टीमें सक्रिय हैं. उत्तराखंड में मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
उत्तराखंड के चीरबासा में लैंडस्लाइड
शुक्रवार रात हुई बारिश के बाद चीरबासा हेलीपैड के समीप अचानक पहाड़ी से मलबा और बड़े पत्थर पैदल मार्ग पर आ गिरे. इससे मार्ग पर आवाजाही बाधित हो गई. क्षेत्र में भारी बारिश होने की वजह से पहाड़ी से दोबारा पत्थर और मलबा गिरने की आशंका बनी हुई है, ऐसे में प्रशासन किसी तरह का जोखिम लेने के बजाय यात्रियों की आवाजाही नियंत्रित कर रहा है. सड़क बंद होने की सूचना मिलते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित कनिष्ठ अभियंता और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गुप्तकाशी को तत्काल अवगत कराया है. फिलहाल मलबा और पत्थर हटाने का काम शुरू किया गया. हालांकि लगातार बारिश की वजह से यहां काम में दिक्कत हो रही है.
सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोके गए यात्री
चीरबासा का यह क्षेत्र पहले से ही संवेदनशील माना जाता है. बीते शुक्रवार को भी पहाड़ी से मलबा और पत्थर आने के कारण पैदल मार्ग बाधित हुआ था. कुछ ही समय बाद फिर से मार्ग पर मलबा आने से यात्रा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है. बार-बार हो रही इस घटना ने केदारनाथ पैदल मार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है. केदारनाथ धाम जाने वाले यात्रियों को फिलहाल सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोका गया है.
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी और बागेश्वर में भारी बारिश की संभावना है. मानसून के अंतिम दौर में बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण पहाड़ों में अचानक तेज बौछारें और बादल फटने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं. उत्तराखंड में पर्यटकों से भी सावधानी बरतने के लिए कहा गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं