विज्ञापन

13 सोने के सिक्के, 7 सोने की चेन...12 लग्जरी घड़ियां; पूर्व CM हरीश रावत के PS के घर ED को मिला करोड़ों का माल

इस छापेमारी के दौरान कई पूर्व UKSSSC अधिकारियों और अन्य संबंधित व्यक्तियों के यहां से भी अघोषित नकदी बरामद हुई है. 

13 सोने के सिक्के, 7 सोने की चेन...12 लग्जरी घड़ियां; पूर्व CM हरीश रावत के PS के घर ED को मिला करोड़ों का माल
उत्तराखंड में ED ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों का सामान जब्त किया है.

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (VPDO) परीक्षा 2016 में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है. देहरादून समेत कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई. इस कार्रवाई में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के वर्तमान निजी सचिव चंदन सिंह जीना का आवास भी जांच के दायरे में रहा.

चंदन सिंह जीना के घर से क्या मिला?

ईडी की तलाशी के दौरान चंदन सिंह जीना के आवास से 32 लाख रुपये नकद बरामद किए गए. इसके अलावा करीब 200.5 ग्राम वजन के सोने के सिक्के और चेन भी मिलीं. बरामद सोने में 13 सोने के सिक्के और 7 सोने की चेन शामिल हैं. जांच एजेंसी को यहां से कई महंगी ब्रांडेड घड़ियां भी मिलीं. इनमें रोलेक्स, राडो, पियाजे, मोवाडो, टिसॉट और कैसियो एडिफिस जैसी कंपनियों की कुल 12 लग्जरी घड़ियां शामिल हैं. अधिकारियों के अनुसार इन घड़ियों की कीमत का अलग से आकलन किया जा रहा है.

बैंक खाते सीज, मोबाइल भी जब्त

तलाशी के दौरान ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) 2002 की धारा 17(1A) के तहत चंदन सिंह जीना और उनके परिवार के सदस्यों के बैंक खातों को भी सीज कर दिया. इन खातों में कुल 52.16 लाख रुपये से अधिक की राशि जमा बताई गई है. इसके साथ ही चंदन सिंह जीना का मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिए जब्त किया गया है ताकि मामले से जुड़े डिजिटल सबूतों की जांच की जा सके.

भर्ती परीक्षा घोटाले से जुड़ी है कार्रवाई

ईडी की यह कार्रवाई UKSSSC की वर्ष 2016 की ग्राम पंचायत विकास अधिकारी परीक्षा में कथित बड़े पैमाने पर हुई गड़बड़ियों से जुड़े मामलों में की गई है. जांच के दौरान आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष, तत्कालीन सचिव, तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक, ओएमआर प्रोसेसिंग से जुड़ी निजी कंप्यूटर एजेंसी के मालिक और कथित बिचौलियों के ठिकानों पर भी तलाशी ली गई.

कुल संपत्ति का मूल्य 1.28 करोड़ रुपये से अधिक

ईडी के अनुसार चंदन सिंह जीना के आवास से जब्त और फ्रीज की गई संपत्तियों का कुल मूल्य लगभग 1.28 करोड़ रुपये है. लग्जरी घड़ियों का मूल्यांकन अलग से किया जा रहा है, जिसके बाद यह आंकड़ा और बढ़ सकता है.

छापेमारी के दौरान कई पूर्व UKSSSC अधिकारियों और अन्य संबंधित व्यक्तियों के यहां से भी अघोषित नकदी बरामद हुई है. कुछ मामलों में सोने के आभूषण भी मिले हैं. ईडी ने सभी बरामद दस्तावेजों, बैंकिंग रिकॉर्ड और डिजिटल डिवाइसों की जांच शुरू कर दी है, जिससे भर्ती घोटाले की साजिश और धन के लेनदेन से जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जा सके.

यह भी पढ़ें- 85 करोड़ के बैंक फ्रॉड केस में ED का बड़ा एक्शन, बिहार से लेकर दिल्ली-गुरुग्राम तक 9 ठिकानों पर छापेमारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uttarakhand ED Probe, Uttarakhand News, Uttarakhand News In Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com