उत्तराखंड में तीन दिन से लगातार भारी बारिश हो रही है. भारी बारिश के चलते चारधाम यात्रा स्थगित कर दी गई है. वहीं, मौसम विभाग ने सोमवार के लिए भी उत्तराखंड के कई जिलों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है. बारिश के साथ-साथ ऊंचे इलाकों में बर्फबारी भी हो रही है, जिसके कारण करीब 136 पर्वतारोही फंस गए हैं, जिनमें कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं.
पौड़ी जिले में लगातार दो दिनों से हो रही भारी बारिश का असर अब जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है. बारिश के कारण पैठाणी-चाकीसैंण मार्ग पूरी तरह बंद हो गया, जिससे इलाके में आवाजाही प्रभावित हो गई है.
सड़क बंद होने का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मार्ग बंद होने से स्थानीय लोगों, कर्मचारियों और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
भारी बारिश से दो की मौत
भारी बारिश के कारण गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद ऋषिकेश के पास नदी में राफ्टिंग भी स्थगित कर दी गई है.
अधिकारियों ने बताया कि नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है. राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा क्षेत्र में भारी भूस्खलन की चपेट में आने से एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया.
केंद्र ने बताया कि पौड़ी जिले के थलीसैंण क्षेत्र में बारिश के कारण एक मकान ढहने से बलवीर सिंह नामक व्यक्ति की मलबे में दबकर मौत हो गई.
यह भी पढ़ेंः उत्तराखंड में चारधाम यात्रा रुकी, कड़ाके की ठंड में फंसे 4000 यात्री, रुद्रप्रयाग में लगातार हो रहा लैंडस्लाइड
ये वीडियो भी देखेंः उत्तराखंड में बर्फबारी और भारी बारिश का रेड अलर्ट, चारधाम यात्रा फिर स्थगित
बारिश से कहां-कैसे हालात?
अधिकारियों के मुताबिक, नैनीताल जिले में भी बारिश के कारण दो कच्चे मकान ढह गए, हालांकि पुलिस के अनुसार इनमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
एसडीआरएफ के अनुसार, पिथौरागढ़ जिले में मुन्ना बैंड के पास भूस्खलन के कारण मार्ग यातायात के लिए बाधित हो गया, जिसके बाद रस्सियों की मदद से करीब 500 यात्रियों को सड़क पार कराया गया.
राज्य के ज्यादातर हिस्सों में शनिवार से भारी बारिश जारी है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है. बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए थे.
यह भी पढ़ेंः दिल्ली से बिहार-झारखंड तक अभी 3 दिन झमाझम बारिश, यूपी के 63 जिलों में बिगड़ा मौसम, मॉनसून की जोरदार वापसी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं