- उत्तराखंड में मौसम फिर से बिगड़ने लगा है. यहां भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी है.
- देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, नैनीताल, चंपावत समेत कई जिलों में अगले 24 घंटे में तेज बारिश हो सकती है.
- मौसम विभाग ने यहां यात्रा टालने की सलाह दी है. जबकि लोगों को सावधानी बरतने के लिए कहा गया है.
उत्तराखंड में मौसम पूरी तरह से बदल गया है. मौसम विभाग ने कई जिलों में अगले 24 घंटे तक भारी बारिश होने की संभावना जताई है. उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने 19 जुलाई से 20 जुलाई तक राज्य में नैनीताल, चंपावत, उधम सिंह नगर में भारी से अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. वहीं देहरादून, हरिद्वार और टिहरी में भी तेज बारिश होने की संभावना जताई है. बारिश के साथ-साथ पहाड़ों पर भूस्खलन और बादल फटने जैसी संभावना भी है. ऐसे में लोगों सावधानी बरतने के लिए कहा है. वहीं पर्यटकों को भी घूमते समय मौसम पर ध्यान रखने की सलाह दी है.
यमुनोत्री हाईवे बंद
उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते उत्तरकाशी के यमुनोत्री हाईवे को बंद कर दिया गया है. यहां जगह-जगह भूस्खलन है, ऐसे में हाईवे पर सड़क पर पत्थर और मलबा पसरा हुआ है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही ह. यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर स्यानाचट्टी और हनुमान चट्टी के बीच सड़क पर कटाव भी हो रहा है. ऐसे में सावधानी के हिसाब से हाईवे को बंद रखा गया है. 19 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, बागेश्वर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. जबकि 20 जुलाई को राज्य के नैनीताल, उत्तरकाशी और पौड़ी जिले में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
ये भी पढ़ेंः मॉनसून पर जुलाई में क्यों लगा ब्रेक, 26 प्रतिशत कम बरसात, कब होगी झमाझम बारिश ?, कैसे होगी भरपाई!
बागेश्वर में भूस्खलन
बागेश्वर में भी भारी भूस्खलन की तस्वीर सामने आई है . बागेश्वर जिले के कपकोट ब्लॉक के मौनधुरा क्षेत्र में शनिवार शाम एक विशाल भूस्खलन हुआ है. जिसमें पहाड़ का बड़ा हिस्सा भरभराकर ढहा है और भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें तेजी से नीचे गिरी हैं. इस घटना ने एक बार फिर मानसून के दौरान हिमालयी क्षेत्रों में बढ़ते भूस्खलन के खतरे को उजागर कर दिया है. मौनधुरा का इलाका भूगर्भीय दृष्टि से पहले से ही संवेदनशील माना जाता है.
उत्तराखंड में प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
उत्तराखंड में मौसम विभाग के अलर्ट के बाद प्रशासन ने एडवाइजरी भी जारी की है. जहां पहाड़ी क्षेत्रों में कहीं-कहीं सड़कें और राजमार्ग अवरोध हो सकते हैं, साथ ही नदी और नालों में जलस्तर बढ़ने की संभावना है. जिसकी वजह से निचले इलाकों में जल भराव जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती है, भारी बारिश के चलते विद्युत और दूरसंचार लाइनें को नुकसान पहुंच सकता है. मैदानी क्षेत्रों में भारी बारिश के दौरान रेलवे परिचालन प्रभावित हो सकता है.
उत्तराखंड में यात्रा टालने की सलाह
रेड अलर्ट को देखते हुए अपील की गई है कि जब भी अपनी यात्रा करें तो मौसम के अलर्ट को देखकर ही अपनी यात्रा करें. अगर बारिश ज्यादा होती है तो ऐसे में यात्रा को स्थगित करें. अलर्ट में राज्य में चार धाम या अन्य स्थानों की यात्रा करने वाले तीर्थ यात्री और पर्यटकों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. लोगों को सलाह दी गई है कि वह नदी और नालों के किनारे ना जाए क्योंकि नदियों के जलस्तर बढ़ने की वजह से खतरा बढ़ सकता है.
ये भी पढ़ेंः आज का मौसम: यूपी-बिहार समेत 13 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR में IMD का नया अपडेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं