विज्ञापन

उत्तराखंड में बारिश का कहर, 164 सड़कें बंद; 11 अगस्त तक येलो अलर्ट

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. मौसम विभाग ने 11 अगस्त तक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.

उत्तराखंड में बारिश का कहर, 164 सड़कें बंद; 11 अगस्त तक येलो अलर्ट
उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है

उत्तराखंड में पिछले दो दिनों से हो रही तेज बारिश ने पहाड़ से लेकर मैदानी इलाकों तक मुश्किलें बढ़ा दी हैं. लगातार बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन, मलबा और बड़े पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं. इसका असर राज्य के सड़क नेटवर्क पर भी पड़ा है. बीते 24 घंटों के दौरान राज्यभर में 164 सड़कें बंद हो गई हैं, जिन्हें खोलने के लिए विभागों की टीमें लगातार काम कर रही हैं.

चमोली में सबसे ज्यादा रास्ते प्रभावित

बारिश से सबसे अधिक प्रभावित जिला चमोली रहा है, जहां सबसे ज्यादा सड़कें बंद हैं. वहीं उत्तरकाशी और टिहरी में 25-25 सड़कें बाधित हैं. रुद्रप्रयाग में 19, देहरादून में 18, पिथौरागढ़ में 14, पौड़ी में 11, नैनीताल और अल्मोड़ा में 9-9, बागेश्वर में 4 तथा हरिद्वार में एक सड़क बंद होने की सूचना है. इन मार्गों पर मलबा, बड़े बोल्डर और लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण यातायात प्रभावित हुआ है. कई क्षेत्रों में लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है.

मध्यमहेश्वर यात्रा अगले आदेश तक स्थगित

रुद्रप्रयाग जिले में स्थित द्वितीय केदार भगवान मध्यमहेश्वर धाम की यात्रा को फिलहाल रोक दिया गया है. तलसारी तोक से बनतोली तक पैदल मार्ग पर पहाड़ी कटिंग का काम चल रहा है. लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है.

उतराखंड में भारी बारिश हो गई.

उतराखंड में भारी बारिश हो गई.

इसके अलावा बनतोली क्षेत्र में मधुगंगा नदी पर बना लकड़ी का पुल बह चुका है. वर्तमान में श्रद्धालुओं को ट्रॉली के सहारे नदी पार कराई जा रही है. बढ़ती भीड़ और सुरक्षा जोखिम को देखते हुए प्रशासन ने यात्रा स्थगित करने का फैसला लिया है.

बार-बार बंद हो रहे प्रमुख हाईवे

राज्य के कई प्रमुख मार्ग लगातार भूस्खलन से प्रभावित हो रहे हैं. बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हेलंग, पागलनाला और भनेरपानी क्षेत्र संवेदनशील बने हुए हैं. वहीं केदारनाथ हाईवे पर तिलवाड़ा के पास कई बार मलबा आने से आवाजाही प्रभावित हुई है. गंगोत्री हाईवे पर दो और यमुनोत्री हाईवे पर तीन ऐसे स्थान हैं जहां बारिश के दौरान बार-बार सड़कें बंद हो रही हैं.

बारिश के बाद सड़के बही.

बारिश के बाद सड़के बही.

11 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र ने 8 से 11 अगस्त तक कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. रुद्रप्रयाग, चमोली, टिहरी, बागेश्वर, देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और उत्तरकाशी समेत कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश की संभावना जताई गई है. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है.

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड: मध्यमहेश्वर यात्रा पर लगी रोक, पुल बहने और भूस्खलन के खतरे के बीच प्रशासन का बड़ा फैसला

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uttarakhand Rain, Uttarakhand Weather Alert, Uttarakhand Monsoon
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com