विज्ञापन

भारी बारिश और भू-स्खलन से केदारनाथ यात्रा का पैदल मार्ग बंद, गौरीकुंड के आगे टूटी पहाड़ी टूटी

फिलहाल केदारनाथ पैदल यात्रा पूरी तरह स्थगित है. यात्रियों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन के अगले आदेश का इंतजार करने की अपील की गई है. मौसम सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू कराई जाएगी.

भारी बारिश और भू-स्खलन से केदारनाथ यात्रा का पैदल मार्ग बंद, गौरीकुंड के आगे टूटी पहाड़ी टूटी
भारी बारिश और भू-स्खलन से केदारनाथ यात्रा का पैदल मार्ग बंद.
NDTV
  • केदारनाथ यात्रा मार्ग पर लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच गुरुवार सुबह बड़ा हादसा टल गया.
  • गौरीकुंड गेट से लगभग 200 मीटर आगे अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा, विशाल बोल्डर और चट्टानें आ गिरीं.
  • इससे केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पूरी तरह बंद हो गया. किसी भी यात्री को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है.
रुद्रप्रयाग:

Kedarnath Yatra: केदारनाथ यात्रा मार्ग पर लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच गुरुवार सुबह बड़ा हादसा टल गया. गौरीकुंड गेट से लगभग 200 मीटर आगे अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा, विशाल बोल्डर और चट्टानें पैदल मार्ग पर आ गिरीं, जिससे केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पूरी तरह बंद हो गया. खतरे को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल यात्रियों की आवाजाही रोक दी और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ठहरा दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही क्षणों में पहाड़ी से तेज गर्जना के साथ भारी मलबा और पत्थर नीचे आने लगे. यदि उस समय श्रद्धालु मार्ग पर होते तो बड़ा हादसा हो सकता था. प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से संभावित जनहानि टल गई.

मलबा हटाने का काम जारी, सुरक्षा के कारण रोकी गई यात्रा

भूस्खलन की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, डीडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं. मार्ग से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है, लेकिन लगातार हो रही बारिश और ऊपर से गिरते पत्थरों के कारण राहत एवं बहाली कार्य में भारी दिक्कतें आ रही हैं. सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी यात्री को आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है.

मौसम साफ और रास्ता सुरक्षित होने पर शुरू होगी यात्रा

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि गौरीकुंड गेट से आगे भारी भूस्खलन होने के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है. डीडीआरएफ की टीम मौके पर तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. मौसम सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू कराई जाएगी.

  • प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, बिना अनुमति आगे बढ़ने का प्रयास न करें तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक निर्देशों का पालन करें. 
  • फिलहाल केदारनाथ पैदल यात्रा पूरी तरह स्थगित है. यात्रियों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन के अगले आदेश का इंतजार करने की अपील की गई है.

चमोली में भी भारी बारिश, कई रास्ते बंद

दूसरी ओर चमोली में देर रात से लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है. बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कई संपर्क मार्गों पर मलबा आने से यातायात बाधित हो गया है. जिला प्रशासन ने लोगों से बिना आवश्यक कारण यात्रा न करने की अपील की है.

बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आया मलबा

बताया गया कि देर रात से जारी बारिश के कारण बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पागलनाला, भनेर पानी और नंदप्रयाग सहित कई स्थानों पर मलबा आने से बाधित हो गया. हालांकि नंदप्रयाग के पास मार्ग को प्रशासन ने सुचारु कर दिया है. वहीं नंदप्रयाग-नंदानगर मोटर मार्ग मंगरौली के पास मलबा आने से बंद हो गया है. इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाली करीब दो दर्जन सड़कें भी अवरुद्ध हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

प्रशासन की अपील- अनावश्यक घरों से बाहर न निकलें

जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार ने बताया कि सभी बंद मार्गों को खोलने के लिए संबंधित विभागों की मशीनें और टीमें लगातार कार्य कर रही हैं. उन्होंने कहा कि मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है, इसलिए लोग केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें. साथ ही नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह भी दी गई है.

यह भी पढ़ें - चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा स्थगित; उत्तराखंड की 111 सड़कें बंद, 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, अगले 48 घंटे भारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kedarnath Yatra, Kedarnath Yatra Stopped, Kedarnath Yatra News, Uttarakhand Weather, Uttarakhand Weather Alert
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com