भारी बारिश के कारण उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के सभी स्कूल आज बंद रहने वाले हैं. देहरादून स्थित मौसम विभाग ने पिथौरागढ़ जिले में 14 अगस्त को भारी बारिश होने की चेतावनी दी है, जिसके बाद जिले कक्षा 1 से 12 तक के स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्रों की एक दिन की छुट्टी घोषित की गई है. पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी ने जारी आदेश में कहा है, भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की और से 13 अगस्त 2026 को जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 14 अगस्त, 2026 को जनपद पिथौरागढ़ सहित उत्तराखंड राज्य के अन्य जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की सम्भावना व्यक्त की गई है.
आदेश में आगे कहा गया है, भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी मौसम चेतावनी को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के लिए 14, अगस्त 2026 (शुक्रवार) को जनपद पिथौरागढ़ में कक्षा 01 से कक्षा 12 तक संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, निजी विद्यालयों एवं समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया जाता है. मुख्य शिक्षा अधिकारी पिथौरागढ़ एवं जिला कार्यक्रम एवं बाल विकास अधिकारी, पिथौरागढ़, समस्त शैक्षिक संस्थानों व आंगनबाड़ी केन्द्रों में आदेश का अनुपालन कराना सुनिश्चित करेंगे.
लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए पिथौरागढ़ में लोगों को सलाह दी है कि वो अपने घरों के अंदर ही रहे और बहुत जरूरी काम होने पर ही बाहर निकले. नदी-नालों के आसपास जाने से परहेज करें. भूस्खलन की आशंका वाले रास्तों पर यात्रा करने से बचें. कोई भी हादसा होने पर इमरजेंसी कॉन्टैक्ट नंबर पर संपर्क करें.
बता दें कि भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए हाल ही में देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों में कक्षा 12 तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं