विज्ञापन

शादी में शामिल होने आए चार दोस्तों की कार ल्वाली झील में गिरी, दिल्ली के युवक की मौत और तीन दोस्त घायल

खुशियों के बीच पसरा मातम! पौड़ी के ल्वाली में शादी समारोह से लौट रहे दिल्ली के 4 दोस्तों की कार अनियंत्रित होकर झील में समाई. हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत, तीन गंभीर रूप से घायल. देर रात के अंधेरे में हुआ यह खौफनाक हादसा.

शादी में शामिल होने आए चार दोस्तों की कार ल्वाली झील में गिरी, दिल्ली के युवक की मौत और तीन दोस्त घायल
उत्तराखंड के पहाड़ी रास्तों पर देर रात सफर करना एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ, शादी में शामिल होने आए चार दोस्तों की कार ल्वाली झील में गिरी
NDTV

उत्तराखंड के पहाड़ी रास्तों पर देर रात सफर करना एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ. पौड़ी जिले के विकासखंड पौड़ी क्षेत्र के ल्वाली में मंगलवार देर रात एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया. एक शादी समारोह की खुशियों में शामिल होने आए चार दोस्तों की कार अचानक अनियंत्रित होकर ल्वाली झील में जा गिरी. इस खौफनाक हादसे में दिल्ली निवासी एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद से ही शादी वाले घर और पूरे इलाके में मातम पसर गया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पौड़ी ब्लॉक क्षेत्र के कुंजेठागांव में एक शादी समारोह का आयोजन था. इसी शादी की रौनक बढ़ाने के लिए दिल्ली में साथ नौकरी करने वाले चार दोस्त यहां पहुंचे थे. इनमें बागेश्वर के कांडा  निवासी कुणाल रौतेला, दिल्ली के शादीपुर के पटेल नगर निवासी प्रिंस कुमार, विशाल यादव और नई दिल्ली के शादीपुर के प्रेमनगर निवासी अभिषेक कुमार शामिल थे.चारों दोस्त बड़े चाव से पहाड़ी शादी का लुत्फ उठाने के बाद वापस अपने ठहरने के स्थान की ओर लौट रहे थे, लेकिन उन्हें क्या मालूम था कि यह सफर उनके जीवन का आखिरी सफर साबित होने वाला है.

चीख पुकार से दहला इलाका

पौड़ी कोतवाली के प्रभारी जयपाल नेगी ने घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार रात करीब 2:30 बजे ये चारों युवक कार से कुंजेठागांव से ल्वाली की ओर वापस आ रहे थे. इन सभी के रुकने का इंतजाम ल्वाली के ही एक स्थानीय होटल में किया गया था. देर रात के सन्नाटे और अंधेरे के बीच, ल्वाली के नजदीक पहुंचते ही उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई. चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे सड़क से नीचे गहरी ल्वाली झील में जा गिरी. पानी में कार गिरते ही चीख पुकार मच गई. हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके की तरफ दौड़े और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई.

डॉक्टर ने अभिषेक को घोषित किया मृत

सूचना मिलते ही पुलिस की आपातकालीन रेस्क्यू टीम बिना वक्त गंवाए तत्काल मौके पर पहुंची. स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस बल ने भारी मशक्कत के बाद रात के अंधेरे में ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. झील के ठंडे पानी में डूबी कार से चारों युवकों को जैसे-तैसे बाहर निकाला गया और तुरंत एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया.

जिला अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद 40 वर्षीय अभिषेक कुमार को मृत घोषित कर दिया. अभिषेक की मौत की खबर सुनते ही उनके दोस्तों और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

 तीन घायलों की हालत खतरे से बाहर

इस भीषण दुर्घटना में घायल अन्य तीन युवकों कुणाल रौतेला, प्रिंस कुमार और विशाल यादव का जिला अस्पताल के डॉक्टरों की निगरानी में तुरंत इलाज शुरू किया गया. डॉक्टरों के मुताबिक, गनीमत रही कि इन तीनों की जान बच गई और प्राथमिक उपचार के बाद हालत खतरे से बाहर होने पर इन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है.

यह भी पढ़ें- फिर मुठभेड़ से थर्राया उत्तर प्रदेश, महोबा पुलिस ने एक साथ दो बदमाशों को मारी गोली, चार गिरफ्तार

पुलिस ने मृतक अभिषेक के परिजनों को दिल्ली में इस दुखद घटना की सूचना दी. कोतवाली प्रभारी के अनुसार, शव का पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई की जा रही है और हादसे के असली कारणों की जांच की जा रही है. शुरुआती तौर पर देर रात के अंधेरे में मोड़ पर वाहन का संतुलन बिगड़ना ही हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है. 

यह भी पढ़ें-  डिजिटल सिस्टम में सेंध और ₹1.7 करोड़ का खेल, उत्तराखंड STF ने दबोचा फर्जी आर्म्स लाइसेंस रैकेट का मास्टरमाइंड

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Road Accident, Uttrakhand News, Pauri Garhwal Accident, Pauri Garhwal News, Pauri Garhwal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com