उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग से सबसे बड़ी और डराने वाली खबर सामने आ रही है. लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बाद अलकनंदा नदी विकराल रूप धारण कर चुकी है. नदी अपने सामान्य बहाव को छोड़कर 20 से 25 मीटर तक फैल गई है. सभी घाट पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं और नदी का रौद्र रूप लोगों में दहशत पैदा कर रहा है.
अलकनंदा का उफान अब खतरे की घंटी बन चुका है. तेज बहाव के कारण नदी किनारे बने सभी घाट पानी में समा गए हैं. प्रशासन ने नदी किनारे जाने पर रोक लगा दी है और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है. मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे हालात और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है. जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों, व्यापारियों और चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नदी-नालों से दूर रहें और बिना जरूरत यात्रा न करें.
सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग
हर साल मानसून में बढ़ता जलस्तर नदी किनारे बने मकानों के लिए बड़ा खतरा बनता है. उन्होंने प्रशासन से लगातार निगरानी और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है.
अलर्ट मोड पर प्रशासन, एसपी ने की ये अपील
पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने भी लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में किसी भी तरह का जोखिम न लें. उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है. फिलहाल, पूरा प्रशासन अलर्ट मोड पर है और सभी विभागों को किसी भी आपदा से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं.
(रुद्रप्रयाग से रोहित डिमरी की रिपोर्ट)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं