मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया. लखनऊ से नोएडा जा रही वोल्वो बस की मथुरा में ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 21 से अधिक लोग घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मथुरा एसपी (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत के अनुसार, हादसा यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 112 के पास, तड़के करीब 3:35 बजे हुआ. लखनऊ से दिल्ली की ओर जा रही वोल्वो बस गिट्टी (बजरी) से लदे ट्रक में घुस गई. बस में करीब 65 यात्री सवार थे.
Mathura, Uttar Pradesh: SP (Rural) Suresh Chandra Rawat says, "A road accident occurred at around 3:35 AM on the Yamuna Expressway near Milestone 112, about 2 km before the Raya cut on the Agra-to-Noida carriageway. A trailer loaded with gravel was travelling in the third lane… pic.twitter.com/MFmkF2aerr
— IANS (@ians_india) June 30, 2026
जानकारी के अनुसार, 30 जून की तड़के करीब 3:35 बजे थाना राया क्षेत्रान्तर्गत यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 112 से 113 के बीच गोला बस सर्विस की एक वोल्वो बस (BR 28P 4723), जिसमें लगभग 65 यात्री सवार थे, की टक्कर एक ट्रक (RJ 47 GA 8143) से हो गई. सूचना पर एसपी ग्रामीण मथुरा सुरेश चंद रावत समेत पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और फायर सर्विस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंची. हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 यात्री घायल हो गए. घायलों को तुरंत उपचार के लिए मथुरा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
39 यात्रियों को किया अन्य साधनों से भेजा
मथुरा पुलिस के अनुसार, बस में सवार करीब 39 यात्री पूरी तरह सुरक्षित थे, उन्हें अन्य साधनों के जरिए उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है. फिलहाल मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं. घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात है और यातायात सामान्य रूप से जारी है.
प्रेस नोट: यमुना एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसा, 4 की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी @Uppolice @adgzoneagra @digrangeagra pic.twitter.com/BforcB3q7d
— MATHURA POLICE (@mathurapolice) June 30, 2026
पुलिस कर रही हादसे की जांच
एसपी सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में बस का तेज गति में होना हादसे का कारण लग रहा है. आशंका यह भी जताई जा रही है कि बस चालक को झपकी आने के कारण हादसा हुआ हो.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं