विज्ञापन

पत्नी ने घर में ही खोद दी पत‍ि की कब्र, अमावस्या बन जाती आखिरी रात, पति ने बताया मर्डर का वो सीक्रेट प्लान

बारामती शहर पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले में तंत्र-मंत्र, मेडिकल स्टोर की लापरवाही और हत्या की साजिश के सभी एंगल्स से गहनता से जांच कर रही है. 

पत्नी ने घर में ही खोद दी पत‍ि की कब्र, अमावस्या बन जाती आखिरी रात, पति ने बताया मर्डर का वो सीक्रेट प्लान
  • पत्नी ने रची पति को घर में ही जिंदा दफनाने की साजिश
  • बारामती में पत्नी का खौफनाक कारनामा
  • घर में ही ईंट-सीमेंट से बनाया ढांचा, पति को जिंदा दफनाने चली थी पत्नी

महाराष्ट्र के बारामती से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक मह‍िला ने अपने पत‍ि को मारकर कब्र में दफनाने की खौफनाक साज‍िश रची. ये कब्र उसने कहीं और नहीं बल्‍क‍ि अपने घर में हॉल की गैलरी में ही मजदूरों से खुदवाई. मह‍िला अपने प्‍लान में सफल हो भी जाती है, अगर मजदूरों ने सही समय पर इस बारे में पुल‍िस को सूचना न दी होती. घटना में बाल-बाल बचे पत‍ि ने आपबीती बयां की है.

यह पूरी वारदात 30 जुलाई 2026 की रात 11:30 बजे से 1 अगस्त 2026 की सुबह 11:30 बजे के बीच हुई. बारामती शहर के जामदार रोड स्थित इंद्रप्रस्थ सोसायटी के फ्लैट नंबर 9 में यह खौफनाक घटना घटी. जानकारी के मुताबि‍क, महिला शर्मिला प्रवीण जगताप (उम्र 38) ने अपने पति प्रवीण प्रकाश जगताप को जान से मारने के इरादे से नींद की दवा दी. प्रवीण जगताप के आधा बेहोश होने के बाद शर्मिला ने उन्हें बैट से बुरी तरह पीटा. इसके बाद उन्‍हें हमेशा के लिए रास्ते से हटाने और सबूत मिटाने के लिए घर के हॉल की गैलरी में ईंट और सीमेंट से एक चौकोर ढांचा बनवाया. बेहोशी की हालत में प्रवीण जगताप को उस ढांचे में लिटाकर ऊपर से कडप्पा पत्थर का स्लैब लगाकर उसे पूरी तरह बंद करने की कोशिश की गई. 

मजदूरों की वजह से बची जान

हालांकि, घर में चैंबर बनाने वाले मजदूरों को पहले ही कुछ शक हो गया था, इसलिए उन्होंने पुलिस हेल्पलाइन पर फोन कर सूचित कर दिया. इसके बाद यह मामला समय रहते उजागर हो गया और प्रवीण जगताप की जान बच गई. इस मामले में प्रवीण जगताप के पिता प्रकाश जगताप ने तुरंत बारामती शहर पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराई. पीड़ित के पिता प्रकाश जगताप की शिकायत पर बारामती शहर पुलिस ने आरोपी पत्नी शर्मिला प्रवीण जगताप के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. 

पीड़ित पति के चौंकाने वाले खुलासे 

इस साजिश से बाल-बाल बचे पीड़ित पति प्रवीण जगताप ने अब मीडिया के सामने आकर कई खुलासे किए हैं और पुलिस से मामले की गहराई से जांच करने की मांग की है. प्रवीण ने बताया कि घर के कैलेंडर पर 13 और 14 जुलाई की तारीखों पर पत्नी ने 'नो रिजल्ट' लिखा था. चौंकाने वाली बात यह है कि इन दोनों दिनों में 'अमावस्या' थी. प्रवीण ने काले जादू या तंत्र-मंत्र की आशंका से भी जांच की मांग की है.

कुल्हाड़ी कहां से लाई पत्नी? 

प्रवीण ने सवाल उठाया है कि उसकी पत्नी घर में कुल्हाड़ी कहां से और क्यों लाई थी? उन्‍होंने कहा क‍ि जिस मेडिकल स्टोर वाले ने बिना डॉक्टर की पर्ची के शर्मिला को नींद की भारी गोलियां दीं, उस पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए. प्रवीण ने पुलिस से गुहार लगाई है कि उसके ससुराल वाले उसके दोनों बच्चों को अपने साथ ले गए हैं. प्रवीण को डर है कि उसके बच्चों की जान को भी खतरा हो सकता है, इसलिए प्रशासन तुरंत बच्चों की कस्टडी उसे सौंपे. 

Latest and Breaking News on NDTV

सभी ब‍िंदुओं पर जांच कर रही पुल‍िस

बारामती शहर पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले में तंत्र-मंत्र, मेडिकल स्टोर की लापरवाही और हत्या की साजिश के सभी एंगल्स से गहनता से जांच कर रही है. DYSP चैतन्य कदम ने कहा, "आरोपी पत्नी शर्मिला ने अपने पति प्रवीण जगताप की हत्या के इरादे से उसे नशीली दवा देकर आधा बेहोश कर दिया. इसके बाद उसे बैट से पीटा गया. पति को जिंदा दफनाने के लिए उसने हॉल की गैलरी में सीमेंट और ईंटों से एक चौकोर ढांचा बनाया. बेहोश प्रवीण को उसमें लिटाकर ऊपर से कडप्पा पत्थर की स्लैब से बंद करने का प्रयास किया गया था."

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Baramati, Wife Killed Husband, Husband Wife, Betrayal In Love, Maharastra News In Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com