विज्ञापन
This Article is From Sep 04, 2019

उत्तर प्रदेश : उधर पुलिस उपाधीक्षक मीटिंग में व्यस्त थे, इधर चोर दिन दहाड़े उनके घर में घुस गए और फिर...

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में अब पुलिस अधिकारियों के भी घर सुरक्षित नहीं रहे.

उत्तर प्रदेश : उधर पुलिस उपाधीक्षक मीटिंग में व्यस्त थे, इधर चोर दिन दहाड़े उनके घर में घुस गए और फिर...
प्रतीकात्मक चित्र.
  • उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में चौंकाने वाली घटना
  • बांदा के सीओ के घर में ही चोरों ने कर दिया हाथ साफ
  • नकदी और गहने लेकर फरार हुए चोर
बांदा:

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में अब पुलिस अधिकारियों के भी घर सुरक्षित नहीं रहे. मंगलवार दोपहर अतर्रा के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) के सरकारी आवास में दिनदहाड़े चोर लाखों रुपये की नकदी और जेवरात चुरा कर फरार हो गए. अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) लाल भरत कुमार पाल ने बुधवार को बताया, "मंगलवार दोपहर पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) राजीव प्रताप सिंह तहसील समाधान दिवस में व्यस्त थे और उनकी पत्नी जिले से बाहर गई हुई थीं. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर अतर्रा में बने उनके सरकारी आवास में बाहर से ताला बंद था. इसी बीच अज्ञात चोरों ने मौका पाकर आवास से नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए." 

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री के घर चोरी, लाखों के गहने और नकदी ले उड़े चोर  

उन्होंने बताया, "अभी चोरी गए नकदी और जेवरात का वास्तविक आकलन नहीं हो पाया है. मुकदमा भी नहीं लिखा गया है. उनकी पत्नी के वापस आने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. चोरों का सुराग लगाया जा रहा है." एएसपी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर आवश्यक निर्देश दिए हैं. अतर्रा थाने की पुलिस ने बताया कि "सीओ के सरकारी आवास में सफाई करने वाले व्यक्ति, खाना बनाने वाली महिला और वहां तैनात होमगार्ड जवान से पूछताछ की गई है, लेकिन अभी तक चोरों का पता नहीं चल सका है. करीब 15 लाख रुपये की चोरी का अनुमान है." 

गुजरात के राज्यपाल ओपी कोहली के घर दिनदहाड़े चोरी, लाखों की नगदी और ज्वेलरी लेकर फरार हुए बदमाश

सूत्रों के अनुसार, बुधवार को अतर्रा, बदौसा और नरैनी पुलिस करीब डेढ़ दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, लेकिन अभी कोई सफलता नहीं मिल पाई है. उल्लेखनीय है कि अस्पताल के इसी भवन में भूतल पर सिविल जज और उसके ऊपर प्रथम तल पर सीओ को सरकारी आवास आवंटित है. इस भवन के ठीक बगल में सरकारी अस्पताल संचालित है, जहां दिन-रात चहल-पहल रहती है. 

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Banda, Banda CO, Rajeev Pratap Singh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com