- सीएम योगी आदित्यनाथ ने बांदा जिले को करोड़ों की विकास परियोजनाओं की सौगात दी है.
- इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा और कहा कि उन्हें कब्रिस्तान प्यारा था.
- सीएम योगी ने कहा कि बुंदेलखंड में पहले माफियाओं का आतंक था. अब डबल इंजन की सरकार विकास कर रही है.
बुंदेलखंड के दौरे पर पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने बांदा जिले से एक बार फिर समाजवादी पार्टी पर बड़ा निशाना साधा है. उन्होंने कहा 'यूपी में बीजेपी की सरकार आई तो पैसा मंदिरों के विकास धामों के सौंदर्यीकरण में इस्तेमाल हो रहा है. लेकिन सपा की सरकार में यह पैसा कब्रिस्तान बनाने में जाता था. सपा के लोगों को कब्रिस्तान प्यारा है, इसलिए वे राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, मां विंध्यवासिनी धाम का विरोध करते हैं. इसी तरह 2017 से पहले बुंदेलखंड में भू-माफिया और डकैतों का आतंक था, लेकिन अब यहां डबल इंजन की सरकार विकास कर रही है.'
उन्हें अयोध्या का राम मंदिर अच्छा नहीं लगता: सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा 'कुछ लोग है जो विरासत को अपमानित करते है, कुछ लोगों ने हिन्दू संस्कृति और सनातन को कोसना और अपमान करना अपना एक मात्र लक्ष्य बनाया है. उन्हें अयोध्या में भव्य राम मंदिर , काशी में काशी विश्वनाथ धाम अच्छा नहीं लगता. वे केवल इनका विरोध करते हैं. आज हम जो पैसा मंदिरों के सुंदरीकरण के लिए प्रदान करते हैं, ये पैसा समाजवादी पार्टी के समय कब्रिस्तान की बाउंड्री वाल के लिए चला जाता था. उनको कब्रिस्तान प्यारा है. इसलिए वो मंदिरों का विरोध करते हैं. लेकिन मैं आपका आवाह्न करूंगा, जो भारत के विरासत को अपमानित कर रहे हैं, जिनकी सोच नकारात्मक है, विकास विरोधी है, एक सिरे से उन्हें खारिज करिये. वर्तमान और देश के भावी भविष्य को देखते हुए हम सबको इनके बारे में पूरी तन्मयता के साथ सोचकर कार्य करना होगा.'
ये भी पढ़ेंः 'मिशन बुंदेलखंड' पर सीएम योगी, कामदगिरि परिक्रमा में बंदरों को खिलाया चना, क्यों अहम है चित्रकूट दौरा
बुंदेलखंड की पहचान बदली है
बांदा में विकासकार्यों की सौगात देते हुए सीएम योगी ने कहा 'बुंदेलखंड के पीछे यहां का पिछड़ापन यहां के पलायन का कारण था. पलायन और प्यास बुंदेलखंड की पहचान बन गई थी. बुंदेलखंड में कहीं खनन माफिया, कहीं सैंड माफिया, लैंड माफिया, वन माफिया और कहीं पर डकैतों का आतंक इस कदर था कि किसान भी खेत में जाने से डरता था. ये पाठा का क्षेत्र, डकैतों के फिरौती वसूली का माध्यम बन गया था. कनेक्टिविटी भी नही थी, न सिंचाई, न पेयजल कुछ नहीं था. नौजवान पलायन करता था, बेटी असुरक्षित थी और बुंदेलखंड अपने अस्तित्व के लिए जूझ रहा था. प्रधानमंत्री मोदी के देश की बागडोर संभालने के बाद आशा की किरण जगी और जब बुंदेलखंड वासियों ने उत्तरप्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनाई. अब मुझे अच्छा लगता है, अब बुंदेलखंड बेहतरीन कनेक्टिविटी से जुड़ा हुआ है.'
'2017 के पहले प्रदेश को लूटते थे'
'2017 के पहले उत्तरप्रदेश में जिसको जिम्मेदारी दी गई थी, प्रदेश की रखवाली करने की वही प्रदेश को लूटते थे. गरीब को अन्न, उज्ज्वला योजना, आवास योजना नहीं थी. ये डबल इंजन की सरकार है, भेदभाव नहीं करती, तुष्टिकरण की नीति पर भी नहीं चलती. उपद्रव,गुंडागर्दी, कर्फ्यू पसंद नहीं करती. बेटी व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को चेतावनी देती है. नहीं मानते हैं तो उनके लिए यमराज के घर जाने का रास्ता भी खोल देती है. 9 वर्ष पहले के बांदा में और आज के बांदा में कोई भी देखेगा तो परिवर्तन दिखाई पड़ता है.' सीएम योगी ने इससे पहले चित्रकूट में कामदगिरि मंदिर की परिक्रमा भी की थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं