विज्ञापन

प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर एक्‍सीडेंट: रोडवेज बस की टक्कर से दंपती समेत 3 की मौत, CM योगी ने जताया दुख

प्रयागराज के हंडिया में एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने कार को टक्कर मार दी. इस हादसे में कार सवार दंपती समेत 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 1 गंभीर रूप से घायल है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं.

प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर एक्‍सीडेंट: रोडवेज बस की टक्कर से दंपती समेत 3 की मौत, CM योगी ने जताया दुख
  • प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर जबरदस्‍त रोड एक्‍सीडेंट.
  • तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल.
  • कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए थे.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

यूपी के प्रयागराज के गंगानगर जोन अंतर्गत हंडिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. यह हादसा प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. इस दुर्घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया. पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

कार सवार दंपती की मौत 

जानकारी के मुताबिक, हंडिया थाना क्षेत्र के सैदाबाद स्थित भैस्की पेट्रोल पंप के सामने एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित रोडवेज बस ने कार को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में कार सवार दंपती (पति-पत्नी) सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. कार सवार सभी लोग ज्ञानपुर गोपीगंज से प्रयागराज के झूंसी की ओर जा रहे थे.

कार सड़क किनारे एक गड्ढे में जा गिरी

इसी दौरान हंडिया क्षेत्र में सामने से आ रही रोडवेज बस ने उनकी कार को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए. टक्कर के प्रभाव से कार सड़क किनारे एक गड्ढे में जा गिरी. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक तीन लोग दम तोड़ चुके थे.

हादसे में इनकी गई जान  

इस हादसे में 60 वर्षीय राकेश त्रिपाठी, उनकी 58 वर्षीय पत्नी प्रभावती और 27 वर्षीय शुभम दुबे की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, 35 वर्षीय राहुल त्रिपाठी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है. डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. घटना की सूचना मिलते ही हंडिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही, जिसे बाद में पुलिस ने वाहनों को हटाकर सामान्य कराया.

तेज रफ्तार और चालक के नियंत्रण खोने से हादसा

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस की तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है. इस भीषण हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है. उन्होंने दुर्घटना में हुई मौतों पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने तथा घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. इस घटना के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है.

यह भी पढ़ें- मिर्ज़ापुर में फॉर्च्यूनर में म‍िला रुपयों से भरा बैग, ग‍िनने के ल‍िए बैंक से मंगाई गई मशीन 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com