विज्ञापन

यूपी के सभी बूथों पर 22 नवंबर को विशेष अभियान, मतदाता सूची में नाम जांचने का मौका

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने भी विभिन्न जिलों में स्थलीय निरीक्षण कर बीएलओ के कामकाज की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान बीएलओ की उपस्थिति, बूथ लेवल एजेंटों की उपलब्धता, आलेख्य मतदाता सूची और आवेदन फार्मों की उपलब्धता के साथ टेबल टॉप एक्सरसाइज की स्थिति जांची गई.

यूपी के सभी बूथों पर 22 नवंबर को विशेष अभियान, मतदाता सूची में नाम जांचने का मौका
22 नंबर को यूपी में सभी बूथों पर जांचे जाएंगे नाम
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को दुरुस्त और अपडेट बनाने के लिए रविवार को प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा. इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आलेख्य मतदाता सूची और आवश्यक आवेदन फार्मों के साथ मौजूद रहेंगे. निर्वाचन आयोग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना और परिवार के अन्य सदस्यों का नाम जरूर जांच लें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रहे. 

 मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलेगी. इसी क्रम में 22 नवंबर, 28 नवंबर और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे. इन दिनों सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिए गए हैं.

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं होने पर पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं. वहीं, नाम अथवा अन्य विवरण में संशोधन और आवश्यक परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 तथा किसी नाम को हटाने या आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 का इस्तेमाल किया जा सकता है. सभी बूथ लेवल अधिकारियों के पास 17 नवंबर को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची और पर्याप्त संख्या में आवेदन फार्म उपलब्ध रहेंगे. मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी सक्रिय रहेगी.

इसके अलावा मतदाता संबंधी जानकारी और शिकायतों के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 की सुविधा उपलब्ध है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, विशेष अभियान के तहत 21 नवंबर को भी प्रदेश के विभिन्न मतदान केंद्रों पर निरीक्षण किया गया. जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने बूथों पर पहुंचकर पंजीकरण कार्य और व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने भी विभिन्न जिलों में स्थलीय निरीक्षण कर बीएलओ के कामकाज की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान बीएलओ की उपस्थिति, बूथ लेवल एजेंटों की उपलब्धता, आलेख्य मतदाता सूची और आवेदन फार्मों की उपलब्धता के साथ टेबल टॉप एक्सरसाइज की स्थिति जांची गई. अधिकारियों ने यह भी देखा कि मतदाताओं को आवेदन भरने में किस तरह की सहायता दी जा रही है और पात्र नागरिकों के पंजीकरण के लिए बूथ स्तर पर क्या प्रयास किए जा रहे हैं.

पुनरीक्षण अभियान में विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया जा रहा है. इसके साथ ही 'बुक ए कॉल विद बीएलओ' के लंबित मामलों, 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों की पहचान और मतदान केंद्रों पर मतदाता सहायता डेस्क की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई.

अधिकारियों ने बीएलओ को निर्देश दिए हैं कि घर-घर संपर्क और समन्वय के माध्यम से क्षेत्र के सभी पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए. किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची में छूटने नहीं पाए और लंबित आवेदनों का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण किया जाए. एक ही परिवार के सदस्यों के अलग-अलग बूथों पर नाम दर्ज होने के मामलों को चिह्नित कर नियमानुसार फॉर्म-8 के माध्यम से उन्हें एक ही मतदेय स्थल पर स्थानांतरित कराने के निर्देश भी दिए गए हैं. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रदेशवासियों से विशेष अभियान दिवस का लाभ उठाने और मतदाता सूची में अपने नाम की जांच करने की अपील की है.

यह भी पढ़ें: आजम खान रिटर्न्स से सपा के 4 मुस्लिम नेताओं का क्या होगा, कैसे तालमेल बिठाएंगे अखिलेश यादव?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
SIR In UP, Uttar Pradesh SIR 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com