ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की सरकार बनने पर चंद्रशेखर आजाद राज्य के मुख्यमंत्री होंगे.उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर एक जांच आयोग गठित किया जाएगा, जो समुदाय के आधार पर भेदभाव किए बिना सभी के साथ हुए अन्याय की जांच करेगा. ओवैसी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश पुलिस के मुठभेड़ों के मामलों में 35 प्रतिशत लोग अल्पसंख्यक समुदायों के होते हैं.
न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार उन्होंने कहा कि कथित 'हाफ एनकाउंटर' (अपराधियों के पैर में गोली मारने) के मामलों की भी जांच कराई जाएगी.ओवैसी शनिवार को सहारनपुर पहुंचे थे. उन्होंने आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख एवं नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद के आवास पर भोजन करने के बाद एक जनसभा को संबोधित किया.
हाल ही में दोनों नेताओं ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का गठन कर आगामी विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने की घोषणा की थी. उस समय भी ओवैसी ने कहा था कि गठबंधन की सरकार बनने पर चंद्रशेखर आजाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री होंगे.ओवैसी ने फिर कहा कि हम सब मिलकर चंद्रशेखर आजाद को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बना सकते हैं. आज मुझे आजाद की मां का आशीर्वाद मिला है और इनके घर का नमक भी खाया है. हम दोनों भाई आपको शर्मिंदा नहीं होने देंगे. उत्तर प्रदेश संविधान से चलेगा, बुलडोजर या डर से नहीं.
उन्होंने लोगों से पूरे भरोसे के साथ सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का समर्थन करने की अपील की.एआईएमआईएम प्रमुख ने कहा कि लखनऊ जीतने के बाद आपके दोनों भाई-बेटे दिल्ली की ओर रुख करेंगे और वहां से मोदी को हटाएंगे. एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी के बीच गठबंधन के बाद शनिवार को दोनों नेताओं की सहारनपुर में हुई मुलाकात से राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गईं. इस दौरान जहां सहारनपुर के मस्जिद ध्वस्तीकरण का मामला फिर चर्चा में आया, वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मुस्लिम-दलित गठजोड़ की राजनीतिक संभावनाओं के संकेत भी मिले.ओवैसी शनिवार दोपहर करीब 12 बजे सहारनपुर के सर्किट हाउस पहुंचे, जहां चंद्रशेखर आजाद ने समर्थकों के साथ उनका स्वागत किया. इसके बाद दोनों नेता आजाद के छुटमलपुर स्थित आवास पहुंचे, जहां ओवैसी ने उनकी मां के साथ दोपहर का भोजन किया.
यह भी पढ़ें: 'रस्सी जल गई ऐंठ नहीं गई', आजम खान के बयान पर असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM का तंज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं