- यूपी बीजेपी की कोर कमेटी ने 2022 में हारी हुई सीटों पर फोकस करते हुए नेताओं की जिम्मेदारियां तय की हैं.
- मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत जिला अध्यक्षों को मतदाता जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई है.
- 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता जोड़ो अभियान चलाकर करीब साढ़े आठ लाख नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है.
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा एक्शन मोड में आ गई है. लखनऊ में हुई यूपी बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक में कई मुद्दों पर लंबा मंथन चला है. जिसमें बीजेपी ने अलग-अलग स्तर पर नेताओं की जिम्मेदारियां तय कर दी हैं. भाजपा ने तीन बातों पर सबसे ज्यादा फोकस किया है, जिसमें 2022 में हारी हुई सीटें, SSR पर नजर और मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अभियान रखा गया है .इस बैठक में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) पर लंबा मंथन हुआ है. जिसके बाद मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के अभियान को लेकर जिला अध्यक्षों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है, जिसकी रिपोर्ट सभी को प्रदेश मुख्यालय में भेजना होगा. इसी तरह से जिन सीटों पर भाजपा हारी थी उन सीटों पर क्या कमियां रह गई हैं, इस पर फोकस किया जा रहा है.
यूपी में बीजेपी चलाएगी मतदाता जोड़ो अभियान
बीजेपी की बैठक में SSR को लेकर जिला अध्यक्षों की जिम्मेदारी तय की गई, अब मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के अभियान को लेकर प्रदेश मुख्यालय को रोज रिपोर्ट भेजनी होगी. इसमें मुख्यालय स्तर पर पूरी प्रक्रिया का परीक्षण होगा, जिसमें सूची में गलत नाम या किसी अन्य तरह की गड़बड़ी का प्रमाण मिलता है तो संबंधित जिलाधिकारी की जवाबदेही तय कराई जाएगी. पार्टी का दावा है कि SIR के दौरान प्रदेश में करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम सूची से कट गए हैं, इनमें से 55 लाख सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, 65 लाख ऐसे मतदाता जिनके नाम पंचायत की सूची में हैं, लेकिन विधानसभा की सूची में नहीं हैं. इसमें करीब साढ़े 4 लाख 18-19 साल के युवा शामिल हैं. इसीलिए बीजेपी ने 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक एक महीने का 'मतदाता जोड़ो अभियान' चलाने का फैसला किया है. भाजपा ने प्रत्येक बूथ पर 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, यानी करीब 86 लाख से ज्यादा नाम जुड़वाने की तैयारी है.
खास बात यह है कि बैठक में पंचायत और निकाय चुनाव की मतदाता सूचियों से नई मतदाता सूची का मिलान करने का लक्ष्य भी भाजपा ने रखा है. भाजपा का मानना है कि जो नाम पंचायत की सूची में है, लेकिन विधानसभा की सूची से गायब है, उसे तुरंत चिन्हित कर फॉर्म-6 भरवाकर जुड़वाया जाए. इसके लिए कार्यकर्ता कमल साथी ऐप के जरिए घर-घर जाएंगे, कॉलेजों और यूनिवर्सिटी में विशेष कैंप लगाए जाएंगे ताकि पहली बार वोट डालने वाले युवाओं के नाम न छूटें. भाजपा का मानना है कि सभी का नाम मतदाता सूची में जुड़ा होना चाहिए.
2022 में हारी हुई सीटों पर फोकस
भाजपा ने उन सीटों पर भी फोकस बढ़ा दिया है जिन पर 2022 के विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था. भाजपा इन सीटों पर तेजी से काम कर रही है, जहां मजबूत प्रत्याशी होंगे उन पर फोकस किया जाएगा. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा इन सीटों पर पहले ही उम्मीदवारों का ऐलान भी कर सकती है, क्योंकि पहले भी कई राज्यों में यह फॉर्मूला दिखा है. इसके अलावा पिछले चुनाव में हारी हुई विधानसभा और लोकसभा सीटों पर विशेष ध्यान देने की रणनीति बनी. उन सीटों पर बूथ कमेटियों को फिर से सक्रिय किया जाएगा और केंद्रीय नेताओं के दौरे भी कराए जाएंगे.
विधायकों की रिपोर्ट दिल्ली जाएगी
बैठक में संगठन ने सख्त संदेश दिया, जिन विधायकों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं है, उनकी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भी जाएगी. बताया जा रहा है कि विधायकों की यह रिपोर्ट तैयार की जा रही है. बैठक में यह भी तय हुआ कि विपक्ष के एजेंडे में उलझने के बजाय लोगों को पार्टी के साथ जोड़ने पर ध्यान देना है. विपक्ष SIR को लेकर जो भी आरोप लगाए, पार्टी को उसका जवाब काम से देना है बयानबाजी से नहीं.
ये वीडियो भी देखिए
योजनाओं पर फोकस
इसके अलावा राज्य सरकार और केंद्र सरकार की तरफ से जो योजनाएं संचालित हो रही हैं, उन योजनाओं का भी प्रचार किया जाएगा. युवाओं और महिलाओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के जरिए जोड़ने की रणनीति भी तय हुई. लाडली बहना जैसी योजनाओं, मुफ्त राशन, आवास, उज्ज्वला, आयुष्मान और रोजगार योजनाओं के लाभार्थियों को सीधे संगठन से जोड़ा जाएगा. बीजेपी का महिला और जेनजी वोटर्स पर भी खास फोकस है. जिसके लिए रणनीति तैयार की जा रही है.
पीएम मोदी अमित शाह करेंगे यूपी का दौरा
इस बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ-साथ दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद थे, इसके अलावा संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह मौजूद थे, जिसमें केंद्रीय नेतृत्व के बड़े नेताओं के दौरे की रणनीति बनाई गई है. पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और बाकी बड़े केंद्रीय नेताओं के यूपी में कार्यक्रम करवाए जाएंगे. आने वाले महीनों में यूपी में कई बड़ी रैलियां, जनसभाएं और योजनाओं के लोकार्पण कार्यक्रम होंगे. ताकि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले ही माहौल तैयार हो सके. कोर कमेटी बैठक में एक मुद्दे पर पूरी तरह से सहमति बनाई गई है कि 2027 के चुनाव से पहले अभी से हर बूथ, हर घर तक पहुंचना ही सबसे बड़ा मिशन होगा.
ये भी पढे़ंः कांग्रेस ने मांग ली अब्दुल्ला आजम की भी सीट, रायबरेली और अमेठी पर भी फंसेगा पेच; आज डिमांड पर जवाब देगी सपा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं