विज्ञापन

कांग्रेस ने मांग ली अब्दुल्ला आजम की भी सीट, रायबरेली और अमेठी पर भी फंसेगा पेच; आज डिमांड पर जवाब देगी सपा

यूपी चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत तेज हो गई है. कांग्रेस ने सपा के सामने जिन सीटों की मांग रखी है, उनमें से कई सपा के गढ़ माने जाते हैं.

कांग्रेस ने मांग ली अब्दुल्ला आजम की भी सीट, रायबरेली और अमेठी पर भी फंसेगा पेच; आज डिमांड पर जवाब देगी सपा
सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीटों को लेकर बढ़ी खींचतान
NDTV
  • समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सीट शेयरिंग पर चर्चा तेज़ हो गई है.
  • कांग्रेस ने 130 सीटों की मांग की है, जिसमें रायबरेली और अमेठी के लोकसभा की सभी विधानसभा सीटें शामिल हैं.
  • कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के गढ़ माने जाने वाले क्षेत्रों में भी दावा किया है, जिससे पेच फंस सकता है.
लखनऊ:

अगले साल होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग पर चर्चा तेज हो गई है. कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के सामने 130 सीटों की मांग रखी है, जिस पर आज यानी 24 नवंबर को सपा की ओर से आधिकारिक जवाब दिया जा सकता है. सूत्रों के मुताबिक, इस मुद्दे पर होने वाली अहम बैठक में अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद भी शामिल होंगे.

सीट शेयरिंग पर फंस सकता है पेंच

कांग्रेस की ओर से मांगी गई 130 सीटों में 36 ऐसी विधानसभा सीटें शामिल हैं, जहां पार्टी के सांसद 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल कर चुके हैं. हालांकि सीट बंटवारे को लेकर सबसे बड़ा पेच रायबरेली और अमेठी में फंस सकता है. कांग्रेस चाहती है कि इन दोनों लोकसभा क्षेत्रों की सभी विधानसभा सीटों पर उसके उम्मीदवार चुनाव लड़ें. वहीं समाजवादी पार्टी के लिए इन क्षेत्रों में पूरी तरह पीछे हटना आसान नहीं माना जा रहा है.

सपा के गढ़ में भी कांग्रेस ने ठोका दावा

कांग्रेस ने कुछ ऐसी सीटों पर भी दावा ठोका है जिन्हें समाजवादी पार्टी का पारंपरिक गढ़ माना जाता है. रायबरेली के 6 में से तीन सीटों पर सपा के विधायक है. कांग्रेस ने रायबरेली के साथ-साथ अमेठी लोकसभा की सभी सीटों पर दावा ठोका है. सपा रायबरेली में अपनी जीती हुई तीन सीट कांग्रेस को देगी, इस पर बड़ा सवाल है. दूसरी ओर कांग्रेस ने रामपुर की स्वार सीट पर भी दावा ठोका है. जो आजम खान के बेटे अब्दुल्ला आजम की सीट है. अभी मुकदमों के कारण आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम के चुनाव लड़ने पर रोक है. लेकिन आजम खान जरूर चाहेंगे कि उनके प्रभाव वाले इलाके में उनके पंसद का उम्मीदवार मैदान में उतरे.

पहले दौर की बातचीत में क्या हुआ?

सपा और कांग्रेस ने सोमवार को दिल्ली में हुई पहले दौर की बैठक के बाद अगले दो से चार दिनों में सीटों के बंटवारे पर सहमति बनने की उम्मीद जताई है. कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई बैठक में दोनों दलों के बीच पहले दौर की बातचीत महज 20 मिनट चली. सूत्रों ने बताया कि बैठक में दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया. कांग्रेस नेताओं ने इसे सकारात्मक सोच और आपसी सहमति की भावना का परिणाम बताया.

यूपी कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने फोन पर कहा, ‘‘आज बातचीत का पहला दिन था और हमने सपा के साथ सीटों की संख्या पर चर्चा की. बैठक करीब 20 मिनट चली. सपा के नेताओं ने हमारी बात सुनी और कहा कि वे पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से चर्चा करने के बाद जवाब देंगे.'' सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस नेताओं ने उन विधानसभा सीट की सूची सपा प्रतिनिधिमंडल को सौंपी है, जहां से वे अपने उम्मीदवार उतारना चाहते हैं. हालांकि, दोनों दलों ने सीट की संख्या को लेकर कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की.

सपा के मुख्य महासचिव राम गोपाल यादव ने बैठक के बाद कहा कि बातचीत बेहद सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विचार सुने. उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि अगले दो से तीन दिनों में गठबंधन को अंतिम रूप दे दिया जाएगा. बातचीत का दूसरा दौर मंगलवार को होगा.''

गौरतलब है कि दोनों दलों ने साल 2022 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ा था. हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की 80 में से 43 सीटों पर जीत दर्ज की थी. इस प्रदर्शन से उत्साहित कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर सीट बंटवारे की उम्मीद कर रही है.

कांग्रेस 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा के साथ हुए गठबंधन का भी हवाला दे रही है, जब उसने 107 सीटों पर चुनाव लड़ा था. वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने हाल में दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा था कि कांग्रेस ने 181 सीट की मांग की है, लेकिन गठबंधन का आधार सीटों की संख्या नहीं, बल्कि उम्मीदवारों की जीतने की क्षमता होनी चाहिए.

दोनों दलों के बीच इस बार गठबंधन को लेकर उम्मीदें इसलिए भी बढ़ी हैं क्योंकि वे 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को कड़ी चुनौती देने में सफल रहे थे. प्रदेश में 2017 से लगातार दो विधानसभा चुनाव जीत चुकी भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए सपा और कांग्रेस मजबूत विपक्षी एकजुटता की कोशिश में जुटे हैं.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Election, UP Election 2026, UP Assembly Elecitons, Congress Samajwadi Party, Congress Samajwadi Party Alliance
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com