उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के हरदौली गांव में 5जी नेटवर्क को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब उन्होंने मोबाइल टावर पर काम कर रहे एक कर्मचारी को ही बंधक बना लिया. ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में करीब दो साल पहले मोबाइल टावर लगाया गया था, लेकिन आज तक उन्हें 5जी नेटवर्क की सुविधा नहीं मिल सकी. बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती गई.
अधिकारी बुलाने की शर्त पर रोका कर्मचारी
ग्रामीणों ने गुरुवार को टावर कर्मचारी को रोक लिया और मांग की कि संबंधित कंपनी या विभाग के अधिकारी मौके पर आएं. ग्रामीणों का कहना था कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी गांव पहुंचकर नेटवर्क समस्या के समाधान का भरोसा नहीं देंगे, तब तक कर्मचारी को नहीं छोड़ा जाएगा. इस दौरान गांव में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ ग्रामीण कर्मचारी को टावर के पास बांधते हुए दिखाई दे रहे हैं. वहीं कई लोग उससे सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर इतने लंबे समय से गांव में 5जी नेटवर्क क्यों नहीं पहुंचा. आसपास मौजूद लोग घटना का वीडियो भी बनाते नजर आ रहे हैं.
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई है. पुलिस ने वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
यह भी पढ़ें- बिहार: भागलपुर में BJP नेता की हत्या, सिर में मारी गोली
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं