उत्तर प्रदेश के झांसी में पुलिस ने प्रेमिका की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी प्रेमी को 5 घंटे के अंदर ही एनकाउंटर के दौरान गिरफ्तार कर लिया. दूसरी जगह शादी तय होने से गुस्से में आकर आरोपी ने घर में घुसकर प्रेमिका की हत्या कर दी थी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद भी सुसाइड करना चाहता था, लेकिन डर की वजह से वह ऐसा नहीं कर पाया और मौके से भाग गया. पुलिस ने उसके पास से वो तमंचा भी बरामद कर लिया है, जो हत्याकांड में प्रयोग किया गया था. इसके साथ ही, घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. बुधवार को झांसी के सीपरी बाजार थाना के सिद्धेश्वर नगर में चंचल रायकवार (19) की उसके प्रेमी कमल रायकवार ने घर मे घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया. उसे पकड़ने के लिए 4 पुलिस टीमों को लगाया गया था, जो लगातार उसकी तलाश में जुटी थी. इसी दौरान सीपरी बाजार थाना पुलिस को झांसी-शिवपुरी हाइवे पर आरोपी के होने की सूचना मिली, जिस पर पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी.
4 साल से प्यार में था कपल...
पुलिस अधीक्षक नगर के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका मृतका से करीब 4 साल से प्यार चल रहा था. इसी बीच दोनों ने शादी करने का भी मन बना लिया लेकिन लड़की के माता-पिता को इसकी भनक लग गई और उन्होंने उसे धमकाया. इतना ही नहीं परिजनों ने युवती की शादी भी दूसरी जगह तय कर दी. इस बात की जानकारी आरोपी कमल को हुई तो वह गुस्से में आ गया और घर के अंदर घुसकर प्रेमिका की हत्या कर दिया. युवती की हत्या करने के बाद वह भी सुसाइड करना चाहता था, लेकिन जब उसने मृतका को खून से लथपथ पड़ा देखा तो डर गया और मौके से फरार हो गया.
यह भी पढ़ें | यूपी में 20 आईपीएस अफसरों का ट्रांसफर; बस्ती, जौनपुर-मऊ से लेकर बलिया, बागपत-हापुड़ तक एसपी बदले
पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने बताया कि सीपरी बाजार थाना पुलिस को सोनू रायकवार ने जानकारी दी थी कि मेरी बेटी की घर में घुसकर एक लड़के ने गोली मारकर हत्या कर दी है. इसके बाद अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और हत्यारोपी को पकड़ने के लिए 4 टीमों को लगा दिया था. सीपरी बाजार पुलिस टीम ने घटना की सूचना मिलने के 5 घंटे बाद ही मुठभेड़ के दौरान हाईवे किनारे से हत्यारोपी कमल रायकवार को पकड़ लिया. इसके कब्जे से घटना में प्रयोग किया गया तमंचा भी बरामद हुआ है.
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मृतका को 4 साल से जानता था. दोनों शादी करना चाहते थे. पिछले दिनों युवती की शादी तय हो जाने की जानकारी मिली तो गुस्से में आकर उसने युवती की हत्या कर दी.
यह भी पढ़ें | यूपी में 20 आईपीएस अफसरों का ट्रांसफर; बस्ती, जौनपुर-मऊ से लेकर बलिया, बागपत-हापुड़ तक एसपी बदले
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं