- यूपी चुनाव में कानून व्यवस्था मुद्दा बनाकर बीजेपी ने सपा सरकार की तुलना में सुधार दिखाने की रणनीति बनाई है
- बीजेपी सपा के 2012 से 2017 के कार्यकाल में हुई अपराधिक घटनाओं के आंकड़े चुनावी बहस का केंद्र बनाएगी
- माफिया और संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और बुलडोजर को बीजेपी अपनी उपलब्धि के रूप में पेश करेगी
उत्तर प्रदेश में आने वाले विधानसभा चुनाव में कानून व्यवस्था एक बड़ा मुद्दा बनने जा रहा है. बीजेपी ने चुनावी तैयारियों में कानून व्यवस्था के नाम पर समाजवादी पार्टी को घेरने का प्लान तैयार किया है. आने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी ना सिर्फ अपनी उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी, बल्कि जनता के सामने दोनों सरकार के दौरान हुए अपराधों की तुलना का आंकड़ा भी होगा, इसमें ये बताने की कोशिश होगी कि सपा शासन में कानून व्यवस्था कैसी रही और बीजेपी शासन में कैसे सुधार किया गया.
एनडीए गठबंधन और इंडिया अलायन्स के बीच सीधा मुकाबला
माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव 2027 में सीधा मुकाबला बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए गठबंधन और इंडिया अलायन्स के बीच होगा. इंडिया अलायन्स में सपा और कांग्रेस शामिल हैं. जनाधार के आधार पर यूपी में सपा, कांग्रेस से कहीं आगे हैं. ऐसे में इस लड़ाई को बीजेपी बनाम सपा की लड़ाई कहा जा सकता है. बीजेपी ने सपा के खिलाफ चुनावी नैरेटिव को धार देने की रणनीति पर काम करते हुए सपा सरकार के कार्यकाल से कानून व्यवस्था को लेकर सीधी तुलना करने की तैयारी की है.

कानून व्यवस्था को उपलब्धि के तौर पर गिनाने की तैयारी
यूपी बीजेपी की नई रणनीति में सपा सरकार के 2012 से 2017 तक के कार्यकाल के दौरान क़ानून व्यवस्था के आंकड़े पेश किए जायेंगे. सपा के कार्यकाल में दंगे, हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार, छेड़खानी, रंगदारी और संगठित अपराध से जुड़े आंकड़ों को 2017 के बाद की स्थिति से जोड़कर पेश करने की तैयारी है. माफिया के खिलाफ कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट, संपत्ति कुर्की और संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस अभियान को भी चुनावी बहस का हिस्सा बनाया जाएगा. इसके अलावा बुलडोज़र की कार्रवाई को ख़ास तौर पर उपलब्धि के तौर पर गिनाने की तैयारी है.

चुनाव में महिला और युवा वोट बैंक अहम
विधानसभा चुनाव में एक बड़ा वोट बैंक महिलाओं और युवाओं को माना गया है. ऐसे में महिला सुरक्षा बीजेपी के चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा होगा. रेप और छेड़खानी की घटनाओं से लेकर महिलाओं से जुड़े अपराधों के मामलों में की गई कार्रवाई बीजेपी के आंकड़ों का बड़ा हथियार बनने वाला है. मिशन शक्ति योजना से लेकर एंटी रोमियो स्क्वॉड और महिला थानों से लेकर पुलिस में महिलाओं की ज़्यादा भर्ती को भी बीजेपी उपलब्धि के तौर पर पेश करेगी.
इसे भी पढ़ें: यूपी में एक लाख सरकारी नौकरी देने का कल से शुरू होगा अभियान, क्या जेन जी को साधने में मिलेगी मदद?
इसे भी पढ़ें: UP के लिए बीजेपी का खास प्लान, मेरठ और सहारनपुर जा रहे नितिन नबीन, पश्चिमी यूपी की 71 सीटों पर नजर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं