विज्ञापन

विनोद तावड़े मिले तो राधामोहन दास का गोरखपुर भाजपा पर तंज- जिसे भूली महानगर भाजपा, उसके घर आए प्रभारी

राधा मोहन दास अग्रवाल ने स्थानीय यूनिट पर तंज कसा. उन्होंने लिखा- 'जिसे विशेष आमंत्रित सदस्य बनाना भूली महानगर भाजपा. उसके घर पहुंचे प्रदेश प्रभारी. 1 घंटे तक राजनीतिक हालातों पर बात की.'

विनोद तावड़े मिले तो राधामोहन दास का गोरखपुर भाजपा पर तंज- जिसे भूली महानगर भाजपा, उसके घर आए प्रभारी
  • योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद गोरखपुर का राजनीतिक महत्व उत्तर प्रदेश में काफी बढ़ गया है
  • सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल ने गोरखपुर भाजपा महानगर इकाई पर विशेष आमंत्रित सदस्य न बनाए जाने पर तंज कसा
  • विनोद तावड़े ने राधा मोहन दास अग्रवाल से गोरखपुर में राजनीतिक हालात और चुनाव तैयारियों पर एक घंटे चर्चा की
गोरखपुर:

योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही गोरखपुर का महत्व उत्तर प्रदेश की राजनीति में काफी बढ़ गया है. शहर की राजनीति का एक केंद्र राधा मोहन दास अग्रवाल भी हैं, जो राज्यसभा सांसद भी हैं. उनके घर पर प्रदेश भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े मुलाकात के लिए पहुंचे. यह मुलाकात करीब एक घंटे चली और इस पर कयास लग ही रहे थे कि इस बीच राधा मोहन दास अग्रवाल ने खुद एक ट्वीट कर दिया, जिसके काफी चर्चे हैं. उन्होंने भाजपा की स्थानीय यूनिट पर तंज कस दिया. उन्होंने लिखा- 'जिसे विशेष आमंत्रित सदस्य बनाना भूली महानगर भाजपा. उसके घर पहुंचे प्रदेश प्रभारी. 1 घंटे तक राजनीतिक हालातों पर बात की.'

इस तरह राधा मोहन दास अग्रवाल ने गोरखपुर की भाजपा इकाई पर तंज कसा, जिसने उन्हें विशेष आमंत्रित सदस्यों में शामिल नहीं किया था. भाजपा संगठन की यह परंपरा रही है कि महानगर अथवा जिला की टीम में स्थानीय विधायकों और सांसदों को भी विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर शामिल किया जाता है. इस बार गोरखपुर की महानगर टोली में राधा मोहन दास अग्रवाल को यह मौका नहीं मिला था. इससे पहले एक और ट्वीट राधा मोहन दास अग्रवाल ने किया था. 

अग्रवाल ने बताया तावड़े के साथ क्या हुई चर्चा

उन्होंने मीटिंग के बारे में जानकारी देते हुए लिखा था, 'राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तर प्रदेश के संगठन प्रभारी विनोद तावड़े कल रात अपने गोरखपुर दौरे पर हमारे दाउदपुर गोरखपुर स्थित निवास पर आए और काफी समय दिया. उत्तर प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक ताकत और कमियों, टिकट के वितरण की प्रक्रिया और चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई.' बता दें कि फिलहाल राधा मोहन दास अग्रवाल राज्यसभा के सांसद हैं. इससे पहले वह भाजपा के महासचिव भी रह चुके हैं. वहीं भाजपा के कुछ सूत्रों का कहना है कि इस मीटिंग में भाजपा का कोई नेता मौजूद नहीं था. संगठन के अलावा कोई विधायक और सांसद भी नहीं था. यह एक निजी मुलाकात थी.  

अलग-अलग नेताओं से मिल रहे हैं विनोद तावड़े

इससे पहले विनोद तावड़े ने सहजनवा के हरपुर में स्थित आश्रम पद्धति स्कूल का भी दौरा किया था. यहां उन्होंने पार्टी के सेवा संकल्प अभियान के तहत आशीर्वाद का दीया जलाया था. इसके अलावा उनकी अटल आवासीय स्कूल के छात्रों से भी मुलाकात हुई थी. वहीं शु्क्रवार को सुबह विनोद तावड़े ने संगठन से जुड़ी कई बैठकों में हिस्सा लिया. बता दें कि विनोद तावड़े इन दिनों अलग-अलग नेताओं, सांसदों और विधायकों से मीटिंग कर रहे हैं. इसके अलावा पूर्व विधायकों और पूर्व सांसदों से भी वह मिल रहे हैं. माना जा रहा है कि वह फीडबैक लेने के लिए नेताओं से निजी मुलाकातें कर रहे हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Radhamohan Das Agarwal, Radhamohan Das Agarwal News, Radhamohan Das Agarwal's Big Statement
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com