- यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद ने एसपी और कांग्रेस गठबंधन पर तंज कसा है.
- ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा-कांग्रेस का गठबंधन वह खिचड़ी है, जिसमें हमेशा कंकड़ ही निकलेंगे.
- केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अगर आप 'साइकिल' का बटन दबाते हैं, तो गुंडे हावी हो जाएंगे.
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन कर चुनाव लड़ने पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस का गठबंधन वह खिचड़ी है, जिसमें हमेशा कंकड़ ही निकलेंगे, जिसे जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी. डिप्टी सीएम का यह बयान उस वक्त आया है, जब एसपी चीफ अखिलेश यादव 26 नवंबर को आगामी चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी करने वाले हैं.
राजधानी लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, "समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन उन्हीं दलों से बना है, जिन्होंने देश में आपातकाल लगाया था. उन्हें संविधान दिवस पर देश से माफी मांगनी चाहिए. समाजवादी पार्टी ने हमेशा अपराधियों का समर्थन किया है, जबकि कांग्रेस ने सत्ता में बने रहने के लिए डॉ. बीआर अंबेडकर के सिद्धांतों को दरकिनार करते हुए 1975 में आपातकाल लगाया था."
उन्होंने आगे कहा कि दोनों दलों को केवल राजनीतिक सत्ता से मतलब है, इन्हें लोकतंत्र या संविधान की कोई परवाह नहीं है. देश और राज्य की जनता कांग्रेस और सपा को कभी स्वीकार नहीं करेगी. कांग्रेस केवल सत्ता के लिए भूखी है.

ब्रजेश पाठक
उन्होंने सपा-कांग्रेस के गठबंधन पर तंज कसते हुए सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "सपा-कांग्रेस का गठबंधन एक ऐसी खिचड़ी है, जिसका पकना दोनों के नसीब में नहीं है. ‘मौकापरस्ती' और ‘मतलब' ही इस ठगबंधन की बुनियाद है. बात सीधी है कि ये अलग-अलग लड़ें या गठबंधन करके, चुनावी गुणा-गणित चाहे जितना भी लगा लें, नतीजा बदलने वाला नहीं है. नतीजा वही रहेगा, यूपी में फिर एक बार ‘कमल' खिलेगा."
यह भी पढ़ें | योगी और केशव मौर्य समेत यूपी भाजपा के टॉप 4 नेता खुद संभालेंगे सीट बंटवारे की कमान, CM किससे करेंगे बात
यह भी पढ़ें | 'वोट बैंक की राजनीति करती है SP-कांग्रेस...', अखिलेश-सोनिया पर भड़के ब्रजेश पाठक, सनातन पांडे को भी दिए जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं