- समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 26 विधानसभा सीटों की पेशकश की है.
- कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने सीटों के बंटवारे पर सम्मानजनक समझौते की जरूरत जताई है.
- सपा के राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने 26 सीटों के ऑफर की पुष्टि करते हुए फिर से बातचीत का संकेत दिया है.
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस में सीट-बंटवारे को लेकर बातचीत के बीच बयानबाजी तेज हो गई है. सपा की तरफ से कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटों की पेशकश की गई है, सपा के राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने भी इस पर मुहर लगाई है, लेकिन सपा के इस ऑफर पर कांग्रेस के तेवर भी बदले दिख रहे हैं. उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने तीखी प्रतिक्रिया दी है, उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि कांग्रेस किसी से भीख नहीं मांग रही है. जिससे दोनों पार्टियों के बीच फिलहाल मामला गर्माता दिख रहा है.
इमरान मसूद बोले-'किसी से भीख नहीं मांग रहे'
समाजवादी पार्टी के 26 सीटों के ऑफर पर यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सरहानपुर सांसद इमरान मसूद ने कहा 'मुझे नहीं पता कि वे (समाजवादी पार्टी) यह पेशकश कब कर रहे हैं. मैं किसी से किसी चीज के लिए भीख नहीं मांग रहा हूं. उन्होंने सीटों के बंटवारे को लेकर अपनी पार्टी का रुख भी स्पष्ट किया. मसूद ने कहा सीटें मांगने और सहयोग करने में फर्क होता है. गठबंधन में आपको कुछ भी मांगने की जरूरत नहीं होती, गठबंधन के भीतर यह आपसी सहयोग की बात होती है. हम अंदर बैठकर इस पर चर्चा करेंगे. उम्मीद है कि आज सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला तय हो जाना चाहिए. मसूद के इस बयान से साफ है कि कांग्रेस सम्मानजनक समझौते पर जोर दे रही है और 26 सीटों के आंकड़े को लेकर वह सहज नहीं है.
वहीं उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सीट-शेयरिंग को लेकर नरम रुख अपनाया. उन्होंने कहा हम कोशिश करेंगे कि समझौता हो जाए और एक सौहार्दपूर्ण व सम्मानजनक समझौता बने. गौतम के बयान से संकेत मिलता है कि कांग्रेस बातचीत के जरिए मसले को सुलझाना चाहती है न कि सार्वजनिक टकराव बढ़ाना.
रामगोपाल यादव ने की 26 सीटों की पुष्टि
सपा के राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने इस पर मुहर लगाई है. उन्होंने कहा कि बैठक में जो कुछ भी कहना था, वह हमने कल कह दिया. 26 सीटों की पेशकश की है, आज हम फिर से बातचीत करने जा रहे हैं. राम गोपाल यादव के इस बयान के बाद ही कांग्रेस खेमे में प्रतिक्रिया तेज हुई. सपा का मानना है कि उसने अपना प्रस्ताव रख दिया है अब गेंद कांग्रेस के पाले में है. कांग्रेस के साथ सीट-बंटवारे पर बातचीत से पहले समाजवादी पार्टी की नेता इकरा हसन और सांसद अवधेश प्रसाद मंगलवार सुबह पार्टी नेता राम गोपाल यादव के आवास पर पहुंचे हैं. उन्होंने कहा जब सीट-शेयरिंग पर चर्चा होगी, तो कुछ प्रस्ताव उनकी तरफ से आएंगे और कुछ प्रस्ताव हम अपनी तरफ से रखेंगे, बातचीत इसी तरह आगे बढ़ेगी.
सभी मिलकर आखिरी फैसला करेंगे: इकरा हसन
मामले में सपा सांसद इकरा हसन ने कहा 'अब तक चर्चा सार्थक और सकारात्मक रही है, दोनों पार्टियों का नेतृत्व हम सभी के साथ मिलकर अंतिम फैसला लेगा. बातचीत अभी शुरू ही हुई है और मुझे लगता है कि इसमें एक-दो दिन और लगेंगे. बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है. उनके पास कुछ प्रस्ताव हैं और हम भी बातचीत के दौरान अपने प्रस्ताव रखेंगे. इसके बाद अगले एक-दो दिनों में सब कुछ साफ हो जाना चाहिए. अयोध्या से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा अभी जो बैठक हो रही है, वह इसी बारे में हो रही है. सीट बंटवारे पर कोई विवाद नहीं है. सब कुछ आसानी से सुलझा लिया जाएगा.'
ये भी पढ़ेंः ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर फिर निशाना, भतीजा बार-बार चाचा को दे रहा गच्चा, असदुद्दीन ओवैसी की तारीफ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं