विज्ञापन

क्यों फिर एक-दूजे के हुए भाजपा और अकाली दल, पंजाब चुनाव में कितना असर; अमित शाह ने दिया 'बड़े भाई' वाला जवाब

अकाली दल ने 97 सीटों पर चुनाव लड़ा. लेकिन वह 18.52 फीसदी वोटों के साथ महज तीन ही जीत सकी. अकाली दल को वोट तो 28 लाख 61 हजार मिले थे, लेकिन यह आंकड़ा नतीजों में तब्दील नहीं हुआ.

क्यों फिर एक-दूजे के हुए भाजपा और अकाली दल, पंजाब चुनाव में कितना असर; अमित शाह ने दिया 'बड़े भाई' वाला जवाब
  • भाजपा और अकाली दल ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन कर एक बार फिर साथ आने का ऐलान किया है
  • 2017 में साथ थे तो दोनों दलों को सम्मानजनक वोट मिले, लेकिन 2022 में अलग होने पर सफलता कम हुई
  • अकाली दल को 2017 में 25 प्रतिशत वोट मिले, जबकि 2022 में यह घटकर 18 प्रतिशत रह गया था
चंडीगढ़:

पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा और अकाली दल साथ आ गए हैं. होम मिनिस्टर अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल के चीफ सुखबीर सिंह बादल ने इस अलायंस का ऐलान किया. इस दौरान नितिन नवीन ने गठबंधन को हिंदू-सिख भाईचारे की मिसाल बताया. वहीं अमित शाह ने भी अकाली दल के साथ पुराने रिश्तों की बात की और कहा कि यह खुशी की बात है कि एनडीए का सबसे पुराना साथी हमारे साथ लौटा है. सुखबीर बादल ने पीएम नरेंद्र मोदी के साथ परिवार के रिश्तों और पंजाब के बारे में उनके अनुभवों के बारे में साझा किया. इस तरह कृषि बिलों पर अनबन के दौरान टूटा गठबंधन फिर से बन गया है. यह गठबंधन हिंदू और सिख भाईचारा इसलिए भी बताया जा रहा है क्योंकि राज्य में 38 फीसदी हिंदू हैं और 58 पर्सेंट सिख हैं. दोनों दलों का साथ आना कई समीकरण बदल देता है.

भले ही दोनों दलों के नेता इसे गठबंधन को नेचुरल अलायंस बता रहे हैं, लेकिन यह जरूरत का गठबंधन का भी है. इसकी वजह है कि जब से दोनों दल अलग हुए हैं, दोनों ने ही कोई बड़ी सफलता अर्जित नहीं की है. इसे समझने के लिए हम 2017 और 2022 के चुनाव की बात कर सकते हैं. 2017 में दोनों दल साथ थे, तब अकाली दल को 25.42 फीसदी वोट मिले थे और 15 सीटें हासिल हो गई थीं. वहीं भाजपा को वोट तो 5.43 पर्सेंट ही मिले, लेकिन सीटें 3 मिल गई थीं. इस तरह एनडीए की सत्ता गई थी, लेकिन सम्मानजनक स्थिति बनी रही थी. फिर 2022 का चुनाव आया तो हालात बहुत बदल गए. 

कैसे गठबंधन टूटा तो 5 साल में बदल गए थे हालात

अकाली दल ने 97 सीटों पर चुनाव लड़ा. लेकिन वह 18.52 फीसदी वोटों के साथ महज तीन ही जीत सकी. अकाली दल को वोट तो 28 लाख 61 हजार मिले थे, लेकिन यह आंकड़ा नतीजों में तब्दील नहीं हुआ. साफ था कि एक तरफ भाजपा के हिस्से वाले हिंदू वोट कई सीटों पर नहीं मिले तो गेम बिगड़ गया. फिर गठबंधन से मिलने वाला फायदा शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में छिन गया. स्पष्ट था कि 2017 से 2022 तक चीजें काफी बदल गईं. अब 2027 में फिर से वैसी स्थिति दोनों ही दल नहीं चाहते. गठबंधन टूटा तो दोनों का ही वोट शेयर भी कम हो गया था. अकाली दल को 2017 में 25 फीसदी वोट मिले थे, लेकिन 2022 में यह आंकड़ा 18 फीसदी पर ही ठहर गया. 

किन इलाकों में गठबंधन का होगा सबसे ज्यादा फायदा

ऐसे में वक्त की नजाकत और जरूरत समझते हुए दोनों दल साथ आ गए हैं. जानकार मानते हैं कि सिख और हिंदू वोटों का एक बड़ा हिस्सा दोनों दलों के साथ आने पर ही मिलता है. इसके अलावा कुछ सीटों पर कम अंतर होने की स्थिति में ऐसा वोट निर्णायक हो जाता है. अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, पठानकोट जैसे कई शहरों में दोनों दलों के साथ आने का फायदा मिल सकता है. यही कारण है कि भाजपा और अकाली दल ने इस अलायंस को नेचुरल बताया है. 

अमित शाह ने बताया- कौन होगा बड़ा भाई, सीटों पर भी आई खबर

इस दौरान यह सवाल भी हुआ कि सीनियर पार्टनर कौन होगा. इस पर होम मिनिस्टर अमित शाह ने कहा कि बड़ा भाई तो निश्चित तौर पर सुखबीर सिंह बादल ही होंगे. उन्होंने कहा कि बादल ही बड़े भाई होंगे और हम दोनों सभी 117 सीटों पर मिलकर लड़ेंगे. इस बीच सूत्रों से जानकारी मिली है कि भाजपा को चुनाव में 39 सीटें मिलेंगी. इसके अलावा अकाली दल को 78 सीटें मिलेंगी. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Akali Dal, Akali Dal News, Bjp Akali Dal Alliance, India News, India News In Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com