विज्ञापन

'वोट बैंक की राजनीति करती है SP-कांग्रेस...', अखिलेश-सोनिया पर भड़के ब्रजेश पाठक, सनातन पांडे को भी दिए जवाब

यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सपा-कांग्रेस को तुष्टीकरण वाली पार्टी बताया है. उन्होंने कहा कि अखिलेश अयोध्या जाएं तो गोलीकांड पर माफी मांगें.

'वोट बैंक की राजनीति करती है SP-कांग्रेस...', अखिलेश-सोनिया पर भड़के ब्रजेश पाठक, सनातन पांडे को भी दिए जवाब
सपा और कांग्रेस पर जमकर बरसे ब्रजेश पाठक.
Photo: IANS
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टीकरण का तीखा हमला बोला है. सनातन पांडे के बयान, अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे, शिवपाल यादव के बयान और खरगे के दिवाली-ईद वाले बयान पर उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस सिर्फ वोट बैंक की राजनीति करती हैं, सनातन संस्कृति की कभी पक्षधर नहीं रहीं. सनातन पांडे के बयान पर ब्रजेश पाठक ने कहा, "समाजवादी पार्टी तुष्टीकरण के आधार पर जाति की राजनीति करती है. एसपी के मुखिया एक तरफ अयोध्या जाने की बात कह रहे हैं और दूसरी तरफ उनके बड़े नेता कह रहे हैं कि गोली चलाना अच्छी बात थी. समाजवादी पार्टी सिर्फ मुस्लिम तुष्टीकरण के आधार पर बना हुआ राजनीतिक दल है." उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी के मुखिया अयोध्या जाएं, तो एक बार प्रभु रामलला के दर पर जाकर अयोध्या धाम में निहत्थे कारसेवकों पर जो गोलियां चली थीं, उसके संबंध में कान पकड़कर प्रभु रामलला के दरबार में माफी मांगें.

समाजवादी पार्टी के लोग और प्रदेश अच्छी तरह समझता है कि कैसे हमारे गांवों में पहले बहुरूपिया बनकर लोग आते थे. वही शख्स सुल्ताना डाकू बनता था, वही शख्स काली माई बनता था, वही शख्स अन्य रोल अदा करता था, लैला-मजनू बनता था. समाजवादी पार्टी के लोग त्रिशूल पकड़ें, चाहे डमरू पकड़ें, ये सब नाटक है. इनको मुस्लिम तुष्टीकरण से ही फुर्सत नहीं है. ये वोट बैंक की राजनीति करते हैं. सिर्फ उनको समझाने-बुझाने के लिए, वोट बैंक बना रहे, इसलिए तरह-तरह की अनर्गल बयानबाजी करते हैं.

ब्रजेश पाठक

उपमुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश

उन्होंने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी को प्रदेश के लोग कभी स्वीकार नहीं कर सकते. यह गुंडे, बदमाश और माफियाओं को पुष्पित-पल्लवित करने वाली पार्टी है.

शिवपाल यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा, "इसका मतलब वो देखने वाले हैं. इसका मतलब सरकार आएगी तो गुंडे, बदमाश और माफियाओं को जेल से छोड़ने वाले हैं. मुझे जानकारी मिली है कि जेलों में जश्न मनाया जा रहा है. जिन्हें हमारी सरकार ने जेलों में डाला है, गुंडे-माफिया बाहर निकलकर फिर अत्याचार करने का मन बना रहे हैं. मैं गुंडे-माफियाओं को भी कहता हूं, समाजवादी पार्टी को भी कहता हूं कि तुम्हारा मंसूबा कभी सफल नहीं होगा."

उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग भारतीय जनता पार्टी को, कमल को तीसरी बार प्रचंड बहुमत से जिताने का मन बना चुके हैं.

कांग्रेस चीफ मल्लिकार्जुन खरगे के 'दिवाली और ईद' वाले बयान पर ब्रजेश पाठक ने कहा, "यह बहुत ही दुखद है. कांग्रेस पार्टी हो या सपा, ये सब मुस्लिम तुष्टीकरण के आधार पर चलने वाले राजनीतिक दल हैं. प्रभु श्रीराम जब अयोध्या धाम आए, तब दीपावली मनी थी. उसकी ईद से तुलना करना बहुत ही दुखद है. इनको हर समय वोट बैंक दिखाई देता है."

बाबरी मस्जिद को लेकर सोनिया गांधी के बयान पर ब्रजेश पाठक ने कहा, "इस प्रकार की बयानबाजी सिर्फ मुसलमानों का वोट हासिल करने के लिए है और कुछ नहीं है. भारतीय जनता पार्टी सबको साथ लेकर चलती है."

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Brajesh Pathak, Mallikarjun Kharge, Sonia Gandhi, Akhilesh Yadav, UP Election
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com