कुछ लोग अपने लक्ष्य को पाने के लिए मन्नत मांगते हैं तो कोई अपनी किसी सफलता के लिए प्रतिज्ञा लेता है. पर उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले एक शख्स की कुछ अलग ही कहानी है. उसने एक ऐसी प्रतिज्ञा ली, जिसकी अब काफी चर्चा हो रही है. उसके प्रण के चलते शख्स की पत्नी भी नाराज हो गई थी. पर वह अपने प्रण से डिगा नहीं. शख्स ने 4 साल पहले अपनी राइफल गायब होने पर दाढ़ी और बाल न कटवाने की अनूठी प्रतिज्ञा ली थी. अब जब आखिरकार 4 साल बाद उसकी राइफल मिल गई है तो वह अब दाढ़ी बाल न कटवाने की प्रतिज्ञा तोड़ने के लिए तैयार हो गया है.
4 साल पहले हुई थी चोरी
कहानी आगरा जिले के निवासी उदय सिंह की है. उदय सिंह के घर पर 4 साल पहले चोरी हो गई थी. उस दौरान उनके घर से सोना, चांदी और नकदी के साथ चोर उसकी राइफल भी चुरा ले गए थे. इसके बाद उदय सिंह ने पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई. उदय सिंह के घर पर चोरी के मामले की पुलिस ने जांच की. तो कुछ लोगों को पकड़ा भी गया. पुलिस ने चोरी हुए कुछ माल भी बरामद किए. पर पुलिस उदय सिंह की राइफल नहीं बरामद कर सकी.
घर से क्या-क्या हुआ था चोरी
राइफल न मिलने पर उदय सिंह ने प्रण लिया कि जब तक उनकी राइफल नहीं मिल जाती है, तब तक वह अपने दाढ़ी बाल नहीं कटवाएंगे. उदय सिंह ने बताया कि 6 जून 2022 की मध्य रात्रि को उनके घर पर चोरी हुई थी. उस दौरान उदय सिंह के घर में रखी राइफल, 20 कारतूस, ढाई किलो चांदी, 22 तोला सोना और 4 लाख रुपये लेकर चोर फरार हो गए थे.
राइफल न मिलने पर लिया प्रण
उदय सिंह के अनुसार, पुलिस ने काफी सख्ती भी की. कुछ लोग पकड़े भी गए थे और कुछ माल भी बरामद हुआ था. लेकिन राइफल नहीं मिली. उन्होंने बताया कि राइफल न मिल पाने से वह बहुत ही निराश थे. इसकी वजह से उन्होंने संकल्प लिया था कि जब तक राइफल नहीं मिल जाती है तब तक दाढ़ी-बाल नहीं कटाऊंगा. उदय सिंह ने कहा कि वह स्कूल चलाते हैं और दाढ़ी बाल न कटाने के मेरे प्रण से मेरी घरवाली भी नाराज रही. मैं बड़ा मायूस रहा हूं. अब जब राइफल मिल गई तो मैं अपने दाढ़ी बाल कटा लूंगा.
यह भी पढे़ं-
राजस्थान हाईवे पर खाना खाने का वायरल वीडियो, सोशल मीडिया पर हुए ट्रोल तो परिवार ने NDTV पर दी सफाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं