यूपी के गोरखपुर में पुलिस की बर्बरता का मामला सामने आया है. पिटाई के बाद अस्पताल में भर्ती युवकों का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उनके शरीर पर गंभीर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं. दो थाने की पुलिस पर दो अलग-अलग युवकों को बेरहमी से पीटने का आरोप लगाया जा रहा है. समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि मंडल ने पीड़ित के साथ पुलिस के आलाधिकारियों से मिलकर जांच कार्रवाई की मांग की है.
गोरखपुर के तिवारीपुर और पिपराइच थाने की पुलिस द्वारा दो अलग-अलग युवकों को पीटने का मामला सामने आया है. बेरहमी से पिटाई के बाद जब युवक बेहोश हो गए, तो उन्हें 151 में चालान कर दिया गया. इसके बाद उन्हें परिजनों ने जिला चिकित्सालय और बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया. इस मामले में समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार 30 जून को तिवारीपुर के पीड़ित युवक विवेक यादव उर्फ चंदन गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर कौस्तुभ के साथ पास पहुंचा.
चौकी पर ले जाकर बेरहमी से पिटाई का आरोप
आरोप है कि रविवार 28 जून को जमीन संबंधी पैमाइश के प्रकरण में विवाद के बाद पुलिस विवेक यादव को हिरासत में लेकर चौकी पर ले गई और वहां पर बेरहमी से पिटाई के बाद उसे तिवारीपुर थाने पर रखा गया. वहां भी रातभर उसकी डंडे से पिटाई की गई. जब वह बेहोश हो गया तो उसका 151 में चालान कर दिया गया. इसके बाद पहुंचे परिजनों ने चक्कर आने की वजह से उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां उसका इलाज चल रहा है.
पिपराइच थाना पुलिस पर भी आरोप
दूसरा मामला पिपराइच थाने का है, जहां पिपराइच थानाक्षेत्र के महमूदाबाद गांव के रहने वाले शाहरुख (27 वर्ष) पुत्र शाहबुद्दीन ने आरोप लगाया गया है कि उसके बहनोई अब्दुल रहीम (28) पुत्र हसनैन और उसके उसे सोमवार 29 जून की रात पिपराइच थाने में पुलिस द्वारा डंडे से जमकर पिटाई की.
पीड़ित शाहरुख ने बताया कि बहनोई अब्दुल रहीम और उसके बीच खाना खाने को लेकर 11-12 बजे विवाद हो गया. किसी ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दिया. उसके बाद पुलिस दोनों को थाने लेकर चली गई. पिपराइच थाने की पुलिस ने अब्दुल रहीम और शाहरुख को गाली देना शुरू किया. इसके बाद जमकर पिटाई कर दी. शाहरुख ने बताया कि उसके बहनोई अब्दुल रहीम बीआरडी मेडिकल कॉलेज में एडमिट है. वहीं वह खुद एसएसपी के पास शिकायत दर्ज करने आया है.
एसएसपी से मिला सपा प्रतिनिधि मंडल
इस मामले में एसएसपी डॉ. कौस्तुभ से मिलने के बाद समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष बृजेश गौतम ने बताया कि उन्होंने प्रतिनिधि मंडल के साथ गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर कौस्तुभ से मुलाकात की है. उन्होंने आश्वासन दिया है कि दोनों ही मामले में जांच कर कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा किसी युवक की बर्बरतापूर्वक पिटाई करना ठीक नहीं है. इसमें दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं