उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भले प्रदेश में अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की बात कह रहे हों, लेकिन अपराधी इन सबसे बेखौफ खुलेआम अपने अपराध का प्रदर्शन कर रहे हैं. गोरखपुर में ऐसे ही सोशल मीडिया पर एके-47 ग्रुप बनाकर आक्रामक मैसेज और फोटो डालने वाले 13 यूजर्स को गोरखपुर की कैंपियरगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
कैंपियरगंज पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दो दिन में इन्हें गिरफ्तार कर लिया. दरअसल, पुलिस को इनके खिलाफ लगातार शिकायत मिल रही थी कि सोशल मीडिया पर 18 से 30 साल तक के युवा लगातार एके-47, महाकाल समेत कई नामों से ग्रुप बनाकर आक्रामकता प्रदर्शित कर रहे हैं. लिहाजा मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने सोशल मीडिया की निगरानी के लिए पुलिस की स्पेशल टीम बना दी. इसके बाद दो दिनों में पुलिस ने 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपियों में कैंपियरगंज के हरनाथपुर गांव के प्रभाकर यादव, भरवलिया के ऋषिकेश साहनी, बसंतपुर टोला मनसा पुरवा का ऋषिकेश साहनी, गुलरिया टोला के विकास उर्फ छोटू, धर्मपुर टोला सिकंदरपुर के अनूप गुप्ता, भरवलिया का गुलशन साहनी, रामनगर केवटलिया का शेरू खान, रिंकू यादव, धर्मपुर टोला सिकंदरपुर के रितिक गुप्ता शामिल हैं. इसके अलावा गुलरिया टोला लालपुर के शिवम शर्मा, महावन खोर के दीपांशु पासवान, हरनाथपुर के प्रतीक यादव और शव लहिया के नीरज पाल का नाम शामिल हैं. पुलिस ने इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. गौरतलब है कि इससे पहले भी इस ग्रुप के 22 लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.
ये ग्रूप ऐसे करते हैं काम
आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि AK-47 गैंग के गुर्गों की पहचान उनके शरीर पर बने AK-47 के टैटू से होती है, जबकि रेड गैंग के सदस्य लाल रंग के बाल रखते हैं. इस ग्रुप में कुछ आपराधिक किस्म के युवा भी जुड़े हैं. ग्रुप के सदस्यों को कहीं भी कोई परेशानी होती थी, तो एक मैसेज करने पर सभी एक साथ पहुंच जाते थे और मारपीट करने पर उतारू हो जाते थे.
2025 में चर्चा में आया था ये ग्रुप
पहली बार ग्रुप 2025 में चर्चा में आया था. बताया जाता है कि ग्रुप लीडर की मौत के बाद ये दो टुकड़ों में बट गए. एके-47 गैंग ने अपनी बाइक और शरीर पर उसी नाम का टैटू बनवाया और रेड गैंग के सदस्यों ने अपने बाल लाल रंग से रंगवा लिए. इसके बाद दोनों ही गैंग में आए दिन मारपीट होने लगी. 27 अक्टूबर 2025 को छठ पर्व के दिन दोनों गिरोह पीपीगंज के अकटहवा में आमने-सामने आ गए थे. इस दौरान हॉकी और डंडे से जमकर मारपीट हुई थी. इसके अलावा, अवैध असलहों से ताबड़तोड़ फायरिंग भी की गई थी. दोनों गिरोह की बीच मारपीट और गोलीबारी की घटना का वीडियो भी सामने आया था. तब मामला लखनऊ तक पहुंचने के बाद पुलिस सक्रिय हुई थी. इसके बाद पीपीगंज पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी.
यह भी पढ़ें- रिश्ता टूटने के बाद सनकी ने शादी का कार्ड बनाकर पड़ोसियों को भेजा, 500 KM दूर से लड़की के घर भेजीं 100 गाड़ियां
गोरखपुर तत्कालीन डीआईजी के आदेश पर एसपी नॉर्थ के नेतृत्व में गोरखपुर के पीपीगंज और महराजगंज जिले की पनियरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी शुरू की गई थी. इस दौरान, 22 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था और उनके गैंग के लोगों और सोशल मीडिया पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी थी. अब बीते दो दिन के अंदर गैंग के 13 सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
यह भी पढ़ें- फिर मुठभेड़ से थर्राया उत्तर प्रदेश, महोबा पुलिस ने एक साथ दो बदमाशों को मारी गोली, चार गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं