विज्ञापन

रामलीला मेला कमेटी में विवाद; सगे भाइयों समेत तीन लोगों की गोली मारकर हत्या, पीलीभीत की घटना

अमरिया कस्बे में रामलीला मेला कमेटी के खर्च के हिसाब को लेकर विवाद के बाद हुई फायरिंग में कुनाल, अंकित और मोहित की मौत हो गई. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है.

रामलीला मेला कमेटी में विवाद; सगे भाइयों समेत तीन लोगों की गोली मारकर हत्या, पीलीभीत की घटना
रामलीला मेला कमेटी विवाद में 3 की हत्या
NDTV
  • पीलीभीत में रामलीला मेला कमेटी के विवाद में तिहरा हत्याकांड
  • अमरिया में ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत, कुनाल, अंकित और मोहित की मौत
  • मेला कमेटी विवाद में खूनी संघर्ष, तीन आरोपी गिरफ्तार
पीलीभीत:

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के अमरिया थाना क्षेत्र में रामलीला मेला कमेटी के खर्च के हिसाब-किताब को लेकर हुआ विवाद रविवार रात खूनी वारदात में बदल गया. दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर मारपीट के बाद ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई. गोली लगने से कुनाल, अंकित और मोहित गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल मोहित ने हायर सेंटर ले जाते समय दम तोड़ दिया. घटना के बाद पूरे कस्बे में तनाव फैल गया और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया. पीलीभीत से NDTV के लिए हरि पाल की रिपोर्ट.

हिसाब मांगने पर बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार अमरिया कस्बे में रामलीला मेला कमेटी के व्यय और हिसाब-किताब को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था. रविवार रात बैठक के दौरान दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष ने रायफल और अन्य हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी.

फायरिंग में तीन की मौत

ताबड़तोड़ चली गोलियों की चपेट में आकर कुनाल, अंकित और मोहित गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो युवकों को मृत घोषित कर दिया गया. वहीं गंभीर रूप से घायल मोहित ने हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया.

तीन आरोपी गिरफ्तार

एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि थाना अमरिया क्षेत्र में रामलीला कमेटी से जुड़े आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग की घटना हुई, जिसमें तीन लोगों की मृत्यु हो गई. मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से असलहे और लाठी-डंडे भी बरामद किए हैं.

कस्बे में दहशत, पुलिस अलर्ट

एक साथ तीन हत्याओं की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. घटना के बाद अमरिया कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है. त्योहारों के मद्देनजर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त बढ़ा दी गई है.

यह भी पढ़ें : अयोध्या की रामलीला में मिस यूनिवर्स इंडिया निभाएंगी माता सीता का किरदार, काजिया लिज साड़ी में भी लगती हैं बेहद खूबसूरत, तस्वीरें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pilibhit, Triple Murder, Ramleela, UP Crime News, Firing Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com