नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोना खरीदने को लेकर की गई अपील का असर अब सोने के आयात के आंकड़ों में भी दिखाई देने लगा है. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के चेयरमैन बृजेश गोयल के मुताबिक, अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान भारत ने 24.7 अरब डॉलर का सोना आयात किया जबकि पिछले साल इसी अवधि में 41.24 अरब डॉलर का सोना खरीदा गया था. इस तरह सालाना आधार पर सोने के आयात में करीब 40 फीसदी यानी 16.46 अरब डॉलर की कमी आई है.
बृजेश गोयल का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी की अपील के बाद सोने की खरीदारी में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने करीब 72 अरब डॉलर का सोना खरीदा था. वहीं, मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 के अब तक के आंकड़ों के आधार पर अनुमान है कि पूरे साल में सोने की खरीदारी 35 से 40 अरब डॉलर के बीच रह सकती है। यानी पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले इसमें करीब 40 से 50 फीसदी तक की गिरावट आने की संभावना है.
सोने की कीमतों में भी आई बड़ी गिरावट
गोयल के मुताबिक, प्रधानमंत्री की अपील के समय सोने की कीमत करीब 1.90 करोड़ रुपये प्रति किलो थी, जो अब घटकर लगभग 1.25 करोड़ रुपये प्रति किलो रह गई है. इस तरह एक किलो सोने की कीमत में करीब 65 लाख रुपये की कमी आई है. उनके अनुसार, यह लगभग 35 फीसदी की गिरावट है. उन्होंने कहा कि सोने की कीमतों में आई इस गिरावट से ज्वैलर्स और उन व्यापारियों को राहत मिली है, जो बड़े पैमाने पर सोने का स्टॉक रखते हैं. अगर व्यापारियों ने पहले के ऊंचे भाव पर बड़ी मात्रा में सोना खरीदा होता तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता था. शेयर बाजार में सोने की ऑनलाइन खरीद-बिक्री करने वाले निवेशकों को भी इससे फायदा हुआ है.
शादी के सीजन में सोने की मांग पर नजर
देश में शादी का सीजन शुरू हो चुका है. गोयल के मुताबिक, इस साल शादी के सीजन में करीब 52 लाख शादियां होने और इनसे लगभग 6 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है. इस कारोबार में करीब 8 से 10 फीसदी हिस्सेदारी ज्वैलरी इंडस्ट्री, सोने और चांदी के गहनों की होती है. उन्होंने कहा कि सोने की कीमतों में गिरावट से आम लोगों को भी राहत मिली है. अब उन्हें पहले के मुकाबले कम कीमत पर सोना खरीदने का मौका मिल रहा है. इससे शादी-ब्याह में गहने खरीदने वाले परिवारों की लागत भी कम हो रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं