- मेरठ से संदिग्ध आतंकी उजेद को पुलिस ने गिरफ्तार किया है
- उजेद पिछले छह महीने से जम्मू-कश्मीर के संदिग्ध आतंकी मोहम्मद साजिद के ऑनलाइन संपर्क में था
- उजेद सोशल मीडिया पर फिदायीन हमले की बात करता था और खुद भी हमले के लिए तैयार था
उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने पाकिस्तानी गैंगस्टर और आतंकी हैंडलर शहजाद भट्टी से कनेक्शन मामले में मेरठ के रहने वाले उजेद को गिरफ्तार किया है. उसे कश्मीर से पिछले साल पकड़े गए संदिग्ध आतंकी से पूछताछ के बाद अरेस्ट किया गया है. जांच एजेंसियों के मुताबिक, वह पिछले करीब छह महीने से जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार किए गए संदिग्ध आतंकी मोहम्मद साजिद के ऑनलाइन संपर्क में था.
सूत्रों के मुताबिक, उजेद, फिदायीन हमले की बात सोशल मीडिया पर कर रहा था. वह कश्मीर के जिस संदिग्ध आतंकी साजिद से संपर्क में था वह सेना पर फिदायीन हमले की तैयारी कर रहा था. उजेद भी साजिद से कहता था कि वो भी फिदायीन हमला करने को तैयार है. इसे लेकर मेरठ पुलिस दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले पर आगे की जानकारी देगी.
पाकिस्तान से कनेक्शन मामले में मेरठ से संदिग्ध अरेस्ट
सुरक्षा एजेंसियों उजेद पाकिस्तान के कई मोबाइल नंबरों के संपर्क में होने के इनपुट भी मिले थे. उजेद मेरठ के कोतवाली थाना क्षेत्र के बनियापाड़ा का रहने वाला है. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संदिग्ध आतंकी मोहम्मद साजिद से पूछताछ के दौरान उसके संपर्क में उजेद का नाम सामने आने के बाद जांच शुरू की थी. बताया जा रहा है कि जनवरी में जम्मू-कश्मीर पुलिस की एक टीम उसे पकड़ने के लिए मेरठ पहुंची थी, लेकिन उस समय वह पुलिस के हाथ नहीं लगा था.
घर पर ताला लगाकर फरार था उजेद का परिवार
पुलिस कार्रवाई की भनक लगने के बाद उजेद और उसका परिवार घर पर ताला लगाकर फरार हो गया था. उसके परिवार के सदस्यों ने अपने मोबाइल नंबर भी बंद कर लिए थे. जिसके बाद मेरठ पुलिस ने उजेद के घर पर नोटिस चस्पा कर उसे बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया था.
जम्मू के संदिग्ध आतंकी साजिद से कनेक्शन का खुलासा
उजेद की गिरफ्तारी के बाद आईबी, एटीएस और इंटेलिजेंस की टीमों ने उससे कई घंटे तक पूछताछ की. इस मामले की एक अहम कड़ी मोहम्मद साजिद है, जिसे जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 27 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया था.जम्मू के बाहु फोर्ट थाने की पुलिस ने रियासी के जेडी पंदाल निवासी 19 साल के मोहम्मद साजिद समेत दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया था.
पाकिस्तानी आतंकियों से संपर्क का खुलासा
साजिद पर युवाओं को कट्टरपंथ से जोड़ने और आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं.जांच में उसके पाकिस्तान में बैठे आतंकी हैंडलर शहजाद भट्टी के संपर्क में होने की बात सामने आई थी.वह जम्मू के बठिंडी इलाके में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था.उसके पिता असलम दिल्ली में सीआरपीएफ में तैनात हैं.साजिद से पूछताछ के दौरान ही मेरठ के उजेद का नाम सामने आया था. इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी थी.
ये वीडियो भी देखें-
ये भी पढ़ें-हैदराबाद में 26/11 जैसे हमलों की धमकी वाला मिला ईमेल, बढ़ाई गई सुरक्षा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं