- सीतापुर में जिला प्रशासन ने समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया.
- कार्रवाई के लिए 4 बुलडोजर लगाए गए, जिन्होंने करीब 2500 वर्ग फीट क्षेत्र में बने भवन को जमींदोज कर दिया.
- प्रशासन का दावा है कि यह कार्यालय सरकारी नजूल भूमि पर अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था.
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जनपद में सोमवार सुबह जिला प्रशासन ने समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया. कार्रवाई के लिए 4 बुलडोजर लगाए गए, जिन्होंने करीब 2500 वर्ग फीट क्षेत्र में बने भवन को जमींदोज कर दिया. भवन में एक बड़ा हॉल और दो कमरे बने हुए थे. खास बात यह रही कि कार्रवाई के लिए सुबह 10 बजे का समय तय था, लेकिन अधिकारी तड़के 5 बजे ही मौके पर पहुंच गए और महज दो घंटे में पूरा भवन ध्वस्त कर दिया गया. सीतापुर के टाउन हॉल परिसर में बने समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय को जिला प्रशासन ने सोमवार सुबह ध्वस्त कर दिया.
सपा कार्यालय पर क्यों चला बुलडोजर
सीतापुर में सपा कार्यालय पर बुलडोजर चलने के पीछे प्रशासन का दावा है कि यह कार्यालय सरकारी नजूल भूमि पर अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था. प्रशासन के अनुसार वर्ष 2005 में तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष राधेश्याम जायसवाल द्वारा समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय संचालन के लिए नजूल भूमि का आवंटन किया गया था. इसके लिए मात्र 100 रुपये वार्षिक किराया निर्धारित किया गया था. हालांकि जांच में आवंटन प्रक्रिया में अनियमितताएं मिलने के बाद 14 अप्रैल 2005 को यह पट्टा निरस्त कर दिया गया था.
पट्टा रद्द होने के बाद भी 21 साल से चल रहा था दफ्तर
इसके बावजूद पिछले 21 वर्षों से यहां पार्टी कार्यालय संचालित होता रहा. प्रशासन ने करीब 15 दिन पहले सपा जिलाध्यक्ष को नोटिस जारी कर भवन खाली करने और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के लिए रविवार तक का समय दिया था.
प्रभारी नगर पालिका अधिकारी सीमा सिंह ने कहा यह कार्यालय किसका है? इस बात की जानकारी हमें नहीं है. लेकिन इस भवन को हटाने से पहले प्रॉपर तरीके से नोटिस दी गई थी. नोटिस दिए जाने के 15 दिन बाद भी जब भवन नहीं हटाया गया तो प्रॉपर वीडियोग्रॉफी की गई. जिसके बाद इस भवन को हटाया गया.

बुलडोजर एक्शन के दौरान नहीं था कोई सपा नेता
हालांकि सोमवार सुबह कार्रवाई शुरू होनी थी, लेकिन प्रशासनिक और नगर पालिका की टीम सुबह 5 बजे ही मौके पर पहुंच गई. बुलडोजर की मदद से पूरी इमारत को गिरा दिया गया. कार्रवाई के दौरान कोई भी सपा पदाधिकारी या कार्यकर्ता मौके पर मौजूद नहीं दिखा, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई.
फिलहाल प्रशासन मलबा हटाने के काम में जुटा हुआ है. वहीं इस कार्रवाई के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. सरकारी जमीन पर बने इस कार्यालय के ध्वस्तीकरण को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने की संभावना है.
यह भी पढ़ें - पूरी सपा टूट जाएगी, महाराष्ट्र, बंगाल के बाद बड़ी बगावत, यूपी के मंत्री ओपी राजभर का दावा, अखिलेश ने दिया करार जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं