- सीतापुर में प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत
- प्रेमी युगल के शव पेड़ से लटके मिले
- दो साल से चल रहा था अफेयर, पुलिस जांच में जुटी
उत्तर प्रदेश के सीतापुर में एक प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत हो गया. प्रेमी युगल का शव एक ही दुपट्टे के सहारे आम के पेड़ से लटकता मिला. घटना नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के क्योटाना गांव की है. बताया जा रहा है कि 19 वर्षीय प्रियवंश और 16 साल की किशोरी का पिछले दो साल से अफेयर चल रहा था. दोनों पड़ोसी थे और अक्सर एक-दूसरे से मिलते थे. कुछ समय पहले दोनों के प्रेम संबंधों की जानकारी परिवार वालों को हो गई. इसके बाद किशोरी के परिजनों ने उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी. फरवरी में तिलक की रस्म भी पूरी हो चुकी थी और नवंबर में शादी होनी थी.
ग्रामीणों के मुताबिक, शनिवार तड़के करीब तीन बजे दोनों अपने-अपने घरों से निकल गए। परिवार वालों ने तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। सुबह करीब पांच बजे गांव के बाहर एक आम के पेड़ पर दोनों के शव फंदे से लटके मिले. यह दृश्य देखकर पूरे गांव में सनसनी फैल गई. मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल से सिंदूर की पुड़िया भी मिली.
मरने से पहले प्रेमिका की मांग में भरा सिंदूर
ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि आत्महत्या से पहले प्रियवंश ने अपनी प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरा था. इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाकर एक ही दुपट्टे से फंदा लगा लिया. जब शव नीचे उतारे गए तो युवती की मांग में सिंदूर साफ दिखाई दे रहा था.
प्रियवंश के पिता का कहना है कि दो दिन पहले लड़की पक्ष ने उनके बेटे और युवती के संबंधों की शिकायत की थी, जिसके बाद उन्होंने बेटे को समझाया और डांटा भी था। वहीं, युवती के परिजनों ने पुलिस पूछताछ में किसी भी प्रेम संबंध से इनकार किया है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
फिलहाल, पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. एडिशनल एसपी दुर्गेश कुमार ने बताया कि कॉल डिटेल, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना के हर पहलू की पड़ताल की जा रही है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में शराब के नशे में पिता ने पत्नी और बच्चों को बेरहमी से पीटा, दो साल के बेटे की मौत, आरोपी गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं