रायबरेली के जिला अस्पताल में अमानवीय हरकत का वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो मे जिला पुरुष अस्पताल में तैनात एक आया (पिंकी) ने मानवीय संवेदनाओं को दरकिनार करते हुए मानसिक बीमार व्यक्ति को पैर से कई बार मारा. इतना ही नहीं, आया मानसिक बीमार व्यक्ति को गालियां भी दे रही है. आया पिंकी की इस हरकत को किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया है. सीएमएस डॉक्टर पुष्पेंद्र कुमार ने मीडिया को बयान दिया और कहा कि वीडियो का संज्ञान लिया गया है और उस वीडियो के आधार पर संबंधित आया पर कार्रवाई कर दी गई है.
39 सेकेंड के इस वायरल वीडियो में आया पिंकी मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति को पैर से मार रही है. 39 सेकेंड में उसने 10 बार उसको लातों से मारा है. पास ही सिक्योरिटी गार्ड भी खड़ा था, लेकिन उसने इस दबंग आया को रोकने की कोशिश नहीं की.
वीडियो वायरल होने पर अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप
मामले का वीडियो वायरल हुआ तो अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया. पहले तो सीएमएस डॉक्टर पुष्पेंद्र कुमार किसी का फोन नहीं उठाया और मीडिया के सवालों से लगातार बचते रहे, लेकिन बाद में उन्होंने मीडिया को बयान दिया और कहा कि वीडियो का संज्ञान लिया गया है और उसे वीडियो के आधार पर संबंधित आया पर कार्रवाई कर दी गई है. मीडिया को दिए गए बयान में उन्होंने महिला आया का नाम तक नहीं लिया. जिला अस्पताल में लोग दबी जुबान यह भी कहते हैं कि आया पिंकी सीएमएस की करीबी हैं. कहने को तो वो आया की पोस्ट पर है, लेकिन यह बाकायदा नर्स की तरह सफेद यूनिफॉर्म पहनती है, क्योंकि इस पर डॉक्टर पुष्पेंद्र कुमार का हाथ है.
विवादों से घिरी हुई है डॉक्टर पुष्पेंद्र कुमार की कार्यशैली
जिला अस्पताल में डॉक्टर पुष्पेंद्र कुमार की कार्यशैली विवादों से घिरी हुई है. अभी हाल ही में जिला अस्पताल की इमरजेंसी से एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति ने आरोप लगाया था कि यहां मरीज को एक्सपायरी डेट का ग्लूकोज चढ़ाया जा रहा था.
कानपुर में खंड शिक्षा अधिकारी के कमरे में नशे में आराम फरमाते बाबू का VIDEO वायरल, जांच शुरू
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं