विज्ञापन

ओपी राजभर का फिर अखिलेश यादव पर निशाना, 'वे लाश की राजनीति करते हैं, अंकित बालियान के हत्यारे नर्क पहुंच गए'

OP Rajbhar Target Akhilesh Yadav: अंकित बालियान के शूटर्स का एनकाउंटर होने के बाद ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर फिर निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर सपा प्रमुख पर तंज कसा है.

ओपी राजभर का फिर अखिलेश यादव पर निशाना, 'वे लाश की राजनीति करते हैं, अंकित बालियान के हत्यारे नर्क पहुंच गए'
ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर निशाना
  • यूपी के कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर बड़ा आरोप लगाया है.
  • ओपी राजभर का कहना है कि अखिलेश यादव अंकित बालियान हत्याकांड पर राजनीति कर रहे हैं.
  • अब जब पुलिस ने कार्रवाई कर दी है, तो अखिलेश यादव को इसका जवाब मिल गया है.

उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने फिर अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. NDTV संवाददाता अजय दुबे से बात करते हुए ओपी राजभर ने कहा 'अखिलेश यादव लाश की राजनीति करते हैं, अंकित बालियान हत्याकांड में जिस कानून-व्यवस्था को लेकर वह सरकार पर उंगली उठा रहे थे, अब पुलिस की सक्रियता से उन्हें जवाब मिल गया है. इससे पहले उन्होंने सोमवार सुबह एक पोस्ट करके भी सपा प्रमुख पर निशाना साधा था. बता दें कि अंकित बालियान की हत्या के दो आरोपियों का उत्तर प्रदेश पुलिस ने एनकाउंटर किया है. 

'अखिलेश यादव जाति की राजनीति बंद करें'

ओपी राजभर ने कहा 'अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की है, ऐसे में अब अखिलेश यादव को बताना चाहिए कि कानून-व्यवस्था और पुलिस की सक्रियता को लेकर वह क्या कहेंगे. उन्होंने सपा प्रमुख को जाति की राजनीति बंद करने की नसीहत देते हुए कहा कि किसी की लाश पर जाति लिखकर राजनीति करना संवेदना नहीं बल्कि सौदागरी है. अखिलेश यादव को अपने पिता मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक जीवन से सीखना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि चौधरी चरण सिंह ने मुलायम सिंह यादव को आगे बढ़ने और नेता बनने का अवसर दिया था.'

'अखिलेश को सपना चकनाचूर होता दिखा'

अखिलेश यादव की राजनीति पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा 'अखिलेश यादव का जो सपना है, वह लगातार चकनाचूर होता जा रहा है. राजभर के मुताबिक 6 तारीख को प्रस्तावित अखिलेश यादव की रैली को लेकर जाट और गुर्जर समाज में नाराजगी है और इसी वजह से रैली रोकनी पड़ी. अखिलेश यादव यह समझ रहे हैं कि उनकी रैली में न मुस्लिम आएंगे, न जाट-गुर्जर और दूसरी जातियों का भी समर्थन नहीं मिलेगा. इसी वजह से वह परेशान हैं.

ओपी राजभर ने जयंत चौधरी का किया समर्थन

ओपी राजभर ने जयंत चौधरी के बयान का समर्थन करते हुए आरोप लगाया कि अखिलेश यादव संभल, बरेली और बहराइच जैसे मामलों में जातियों को आपस में लड़ाने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन इसमें भी वह लगातार असफल हो रहे हैं. जयंत चौधरी ने भी यही आरोप लगाया था. 

सोमवार सुबह किया था ट्वीट

इससे पहले ओपी राजभर ने सुबह सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा 'अखिलेश जी, खबर पता चल गई ना? जिस अंकित बालियान की हत्या पर आप राजनीति करना चाहते थे. उसके हत्यारे वहीं पहुंच गए, जहां उनकी जगह थी. यानी नर्क. किसी बेटे की लाश पर जाट लिखकर राजनीति करना संवेदना नहीं, सौदागरी है. उन्होंने कहा कि हत्या मानवता के खिलाफ अपराध है, किसी गोत्र की जागीर नहीं. राजभर ने आरोप लगाया कि चुनाव आने पर ही अखिलेश यादव को जाट समाज की याद आती है. उन्होंने अपने पोस्ट के अंत में कहा कि जनता सब देख रही है, जाति की राजनीति भी और पुलिस के कानून-व्यवस्था के राज को भी.'

अंकित बालियान से हत्यारों का एनकाउंटर 

पश्चिमी यूपी के लोकप्रिय गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद यूपी पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी. जहां सोमवार सुबह इस मामले में बड़ा अपडेट सामने आया. पुलिस ने शामली जिले में दो आरोपियों को घेरा था, जहां आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी, पुलिस ने जवाबी फायरिंग में दोनों को ढेर कर दिया. 

ये भी पढ़ेंः हमारी नीति का टेस्ट ना करें... अंकित बालियान के शूटरों के एनकाउंटर के बाद बोले STF चीफ अमिताभ यश

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Op Rajbhar Target Akhilesh Yadav, Ankit Baliyan Murder Case, Ankit Baliyan Murder Encounter, UP Politics, Ankit Baliyan News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com