बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बड़ा संदेश दिया है. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पार्टी उम्मीदवारों के चयन और उन्हें अंतिम रूप देने का अधिकार केवल उनके पास है. साथ ही उन्होंने आकाश आनंद को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं और अटकलों को पूरी तरह निराधार बताया.
कई दौर की बैठकों के बाद उम्मीदवार फाइनल
मायावती ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में कई राज्य स्तरीय बैठकें हो चुकी हैं. इन बैठकों में प्रदेश और मंडल स्तर के पदाधिकारियों को उम्मीदवारों के चयन संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि अब तक वह खुद इंटरव्यू लेकर लगभग दो दर्जन से अधिक उम्मीदवारों को फाइनल कर चुकी हैं और आगे सभी सीटों पर उम्मीदवारों का चयन भी उनके द्वारा ही किया जाएगा.
सिर्फ यूपी ही नहीं, पूरे देश में यही व्यवस्था
बसपा प्रमुख ने कहा कि केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि देश के किसी भी राज्य में होने वाले विधानसभा या लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारों को अंतिम मंजूरी वही देती हैं. इसलिए आकाश आनंद या किसी अन्य नेता द्वारा टिकट तय किए जाने की बातों में कोई सच्चाई नहीं है.
1. जैसाकि सर्वविदित है कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा आमचुनाव अब बहुत नज़दीक आ रहा है, जिसकी तैयारी हेतु मेरे खुद के द्वारा प्रदेश की पिछली कई राज्य स्तरीय बड़ी बैठकें लखनऊ पार्टी प्रदेश कार्यालय में ली गई हैं और आगे भी ज़रूरत के अनुसार ली जायेंगी, जिसमें पार्टी के उम्मीद्वार…
— Mayawati (@Mayawati) July 31, 2026
जनसभाओं में उम्मीदवारों का ऐलान कर रहे हैं नेता
मायावती ने बताया कि जिन सीटों पर उम्मीदवार तय हो चुके हैं, वहां उनकी अनुमति से वरिष्ठ पदाधिकारी जनसभाएं कर उम्मीदवारों की घोषणा कर रहे हैं. इसी क्रम में कुछ स्थानों पर आकाश आनंद भी सभाएं कर उम्मीदवारों का परिचय जनता से करा रहे हैं.
संगठन और प्रचार की जिम्मेदारी निभा रहे आकाश आनंद
उन्होंने कहा कि पिछले लगभग एक वर्ष से आकाश आनंद को विभिन्न राज्यों में संगठनात्मक बैठकों की समीक्षा और चुनावी जनसभाओं के लिए भेजा जा रहा है. हाल के विधानसभा चुनावों से लेकर उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में भी उन्होंने पार्टी के लिए प्रचार किया है. लखनऊ में कांशीराम की पुण्यतिथि पर हुई बड़ी रैली में भी उन्हें संबोधित करने का अवसर दिया गया था.
कार्यकर्ताओं को दी सावधान रहने की सलाह
मायावती ने कहा कि यह सब पार्टी की सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है. इसका आकाश आनंद के कद को बढ़ाने या घटाने से कोई संबंध नहीं है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार, शरारती तत्वों और जातिवादी मानसिकता से प्रेरित अफवाहों से सतर्क रहें.
यह भी पढ़ें- नितिन नवीन की टीम में भी दिखेगा जेन जी फैक्टर? क्या भाजपा के संगठन में बदलेंगे समीकरण
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं