विज्ञापन

हाईवे पर मिली सिर कटी लाश!  100 मीटर दूर पड़ा था सिर; हत्या कर फेंके जाने की आशंका

यूपी के मऊ जिले के घोसी क्षेत्र में हाईवे पुल के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति की सिर कटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई. पुलिस को शव से करीब 100 मीटर दूर उसका कटा हुआ सिर भी बरामद हुआ है.

हाईवे पर मिली सिर कटी लाश!  100 मीटर दूर पड़ा था सिर; हत्या कर फेंके जाने की आशंका
घटनास्थल की जांच करती पुलिस.

यूपी के मऊ जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को एक ऐसी वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया. तिलाई बुजुर्ग गांव के पास हाईवे पुल के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति की सिर कटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई. मामला तब और रहस्यमय हो गया, जब पुलिस को शव से करीब 100 मीटर दूर उसका कटा हुआ सिर भी बरामद हुआ. शुरुआती जांच में हत्या के बाद शव को यहां लाकर फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है. मृतक के शरीर में लगा कृत्रिम (प्लास्टिक) पैर और हाथ में मिली घड़ी अब उसकी पहचान के अहम सुराग माने जा रहे हैं.

हाईवे पुल के नीचे मिला शव

घटना घोसी कोतवाली क्षेत्र के तिलाई बुजुर्ग गांव की है. मंगलवार को स्थानीय लोगों ने हाईवे पुल के नीचे नाले के पास एक शव पड़ा देखा. शव की हालत देखकर लोगों के होश उड़ गए, क्योंकि उसका सिर धड़ से अलग था. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी.

एक सप्ताह पुराना हो सकता है शव

पुलिस की प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि शव करीब एक सप्ताह पुराना है. शव काफी हद तक खराब हो चुका था. मृतक का दाहिना पैर कृत्रिम यानी प्लास्टिक का था, जबकि दाहिना हाथ भी काफी सड़ चुका था. वहीं बाएं हाथ में एक घड़ी मिली है, जिसे पुलिस पहचान के लिए महत्वपूर्ण सुराग मान रही है.

तलाशी में 100 मीटर दूर मिला सिर

घटनास्थल पर जांच के दौरान पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने आसपास के इलाके की बारीकी से तलाशी ली. इसी दौरान शव से लगभग 100 मीटर दूर उसका कटा हुआ सिर भी बरामद कर लिया. सिर मिलने के बाद पुलिस को आशंका है कि यह सामान्य मौत नहीं बल्कि हत्या का मामला हो सकता है.

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की. पुलिस अब फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के कारणों और घटनाक्रम को समझने में मदद मिल सके.

हत्या कर शव फेंके जाने का शक

अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला कहीं अन्य स्थान पर हत्या कर शव को यहां लाकर फेंके जाने का प्रतीत होता है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मृतक कौन था और उसकी हत्या किन परिस्थितियों में हुई.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Headless Body Found, UP Crime News, Uttar Pradesh Police Action, Highway Murder Case, Dead Body Found
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com