महोबा जिले के चरखारी क्षेत्र में फसल सर्वे के नाम पर किसानों से कथित वसूली का मामला राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है. किसानों की शिकायत पर भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने वीडियो कॉल के जरिए मौके पर मौजूद लोगों से बात की और आरोपियों को कड़ी फटकार लगाई. इस दौरान उन्होंने किसानों से पैसे लेने के आरोप को गंभीर बताते हुए रकम वापस कराने और मामले की जानकारी पुलिस को देने की बात कही. घटना से जुड़े वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया है.
किसानों की शिकायत पर विधायक का निकला गुस्सा
जानकारी के मुताबिक चरखारी तहसील के नटर्रा गांव में फसल सर्वे के दौरान कुछ लोगों पर किसानों से पैसे लेने का आरोप लगा. ग्रामीणों ने इसकी शिकायत स्थानीय जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाई, जिसके बाद भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत वीडियो कॉल के जरिए मामले से जुड़े लोगों से सीधे जुड़े. वीडियो कॉल के दौरान विधायक आरोपियों से उनका नाम, पहचान और सर्वे करने के अधिकार के बारे में सवाल पूछते दिखाई दिए. उन्होंने यह भी पूछा कि किसानों से पैसे किस आधार पर लिए गए और उन्हें यह अधिकार किसने दिया.
वीडियो में दिखा तल्ख अंदाज
वायरल वीडियो में विधायक बृजभूषण राजपूत कथित आरोपियों को फटकार लगाते सुनाई दे रहे हैं. उन्होंने कहा, 'तुम्हारा नाम क्या है? तुम्हारा आधार कार्ड कहां है? ऑनलाइन सर्वे करे रहो हो तुम. अपने सीनियर को फोन लगाओ. तुम यहां पैसे क्यों मांग रहे हो किसानों से. तुमने फोन पे पैसा लिया है. लिया क्यों तुमने? किस अधिकार से पैसा लिया है. अभी तुम जेल जाओगे, तुम्हारे नाम मुकदमा लिखेगा.'
उन्होंने आगे कहा, 'तुम्हारे पिताजी किसानी करते हैं और तुम ही किसानों से पैसा ले रहे हो, शर्म नहीं आ रही तुम्हें. किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं और तुम उनसे पैसा ले रहे हो. लोग खुशी में पैसा लेते हैं किसान की बर्बादी पर तुम पैसा ले रहे हो. किसी की फसल बर्बाद हो गई वो तुम्हें खुशी से पैसे देगा? झूठ बोल रहे हो. 100 फीसदी किसान की फसल बर्बाद है. कैसे हो तुम लोग?'
रकम वापस कराने की बात
वीडियो में विधायक कथित तौर पर आरोपियों से गांव में लिए गए पैसों का हिसाब पूछते हुए भी दिखाई देते हैं. उन्होंने कहा कि 'कितना पैसा उठाया है इस गांव से, सब पैसा वापस करो. पांच-सात हजार रुपये तो फोन पर ही आ चुका है तुम्हारे पास. सही-सही बतओ नहीं तो पूरे गांव में घुमाएंगे जूतों की माला और पेटीकोट पहनाकर. प्रधान जी अगर ये सही नहीं बताए तो चूड़ियां पहनाओ इसको. पूरे गांव में घुमाओ और बाद में पुलिस को देना इसको. दो लाख रुपये ले चुके हो तुम.' हालांकि, फसल सर्वे के नाम पर कथित रूप से ली गई रकम, आरोपों की सत्यता और संबंधित लोगों की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
पहले भी चर्चा में रहे हैं विधायक
चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत इससे पहले भी अपने बेबाक अंदाज और मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कराने को लेकर चर्चा में रह चुके हैं. पूर्व में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह का काफिला रोककर अपनी बात रखने के कारण भी वह सुर्खियों में आए थे.
यह भी पढ़ें : मरीजों से पर्ची बनाने के लिए 1 रुपये ज्यादा ले रहा था कर्मचारी, विधायक की कलम चलने से गई नौकरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं