उत्तर प्रदेश के लखनऊ में बाढ़ के बिगड़ते हालात के बीच इटौंजा के लासा गांव में बड़ा हादसा हो गया. बाढ़ के पानी में डूबने से 19 साल के विमल कुमार की मौत हो गई. विमल सुबह करीब 6:40 बजे गांव के ही 6-7 युवकों के साथ शौच के बाद वापस लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में एक युवक की चप्पल बाढ़ के पानी में चली गई. चप्पल निकालने के लिए वह पानी में उतरा तो उसे बचाने के लिए बाकी युवक भी पानी में उतर गए.
तेज बहाव के चलते देखते ही देखते सभी युवक डूबने लगे. पांच-छह युवक किसी तरह तैरकर पानी से बाहर निकल आए. लेकिन विमल कुमार तेज बहाव में बह गया. काफी तलाश के बाद उसका शव बरामद किया गया. प्रत्यक्षदर्शी शिवम ने बताया कि बाढ़ के कारण रास्ते में पानी काफी ज्यादा था. इलाके में नाव भी उपलब्ध नहीं थी. सभी लोग पैदल वापस लौट रहे थे. इसी दौरान एक युवक का पैर फिसल गया और वह पानी में चला गया. उसे बचाने के प्रयास में बाकी लोग भी पानी में उतर गए और खुद भी डूबने लगे. किसी तरह उन्होंने किनारे पहुंचकर अपनी जान बचाई, लेकिन विमल पानी में बह गया.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा प्रशासन
एसडीएम के मुताबिक, सुबह करीब 7:30 बजे ग्रामीणों, लेखपाल और पुलिस के जरिए युवक के डूबने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही डीसीपी नॉर्थ, एसीपी बीकेटी और तहसीलदार के साथ मौके का निरीक्षण किया गया. प्रशासन ने गांव और घटनास्थल का जायजा लेने के साथ मृतक के परिवार से भी बातचीत की. एसडीएम ने बताया कि युवक जिस रास्ते से लौट रहे थे, उसे हाल में ऊंचा किया गया था. सड़क के बाईं तरफ तालाब था. इसी दौरान चप्पल निकालने के प्रयास में एक युवक पानी में गया और उसे बचाने के लिए अन्य युवक भी पानी में उतर गए. पांच-छह युवक किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन विमल कुमार पानी में डूब गया. बाढ़ के बीच हुए इस हादसे के बाद लासा गांव में मातम पसरा हुआ है.
ये भी पढ़ें : ऐसे चुनाव आयुक्तों को सरेआम फांसी दी जानी चाहिए... गुजरात के पूर्व CM वाघेला का विवादित बयान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं