लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का पानी शहीद पथ की सर्विस लेन तक पहुंच गया है. इस वजह से मशहूर फीनिक्स पलासियो मॉल के सामने वाली सर्विस लेन पूरी तरह जलमग्न हो गई है. पानी भरने के बाद मॉल की सर्विस लेन को बैरिकेड कर आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है. इकाना स्टेडियम और गोमती नगर विस्तार में भी बाढ़ का पानी लगा हुआ है. नगर निगम के अधिकारी प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव के काम में लगे हुए हैं.
बुधवार को खतरे के निशान से कितना दूर था गोमती नदी का पानी
बुधवार शाम छह बजे गोमती नदी का जलस्तर 107.24 मीटर दर्ज किया गया. यह चेतावनी स्तर से अभी भी 1.26 मीटर नीचे ही है. जलस्तर बढ़ने के साथ ही शहीद पथ की सर्विस लेन पर बाढ़ का पानी भर गया है. इसी सर्विस लेन से उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कार्यालय तक भी पहुंचा जाता है. बाढ़ की वजह से इस सर्विस लेन पर यातायात रुका हुआ है. पुलिस ने बैरिकेडिंग करके यातायात को डायवर्ट कर दिया है, जिससे कोई गाड़ी या लोग बाढ़ के पानी में न फंसे.
नगर निगम और दूसरे संबंधित विभाग बाढ़ के पानी को निकालने में लगे हुए हैं. लेकिन जिस तरह से नदी का जलस्तर बढ़ रहा है, उससे हालात जल्द सामान्य होने की उम्मीद नजर नहीं आ रही है. बाढ़ की वजह से फीनिक्स पलासियो मॉल में लोगों का आना-जाना लगभग ठप हो गया है. मॉल सूना पड़ा हुआ है.
राहत और बचाव के काम में लगा है नगर निगम
बुधवार को बाढ़ का पानी लखनऊ में स्थित भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के आसपास तक पहुंच गया था. इसी स्टेडियम में मंगलवार रात भारत-वेस्टइंडीज के बीच पहला टी-20 मैच खेला गया था. मैच के अगले दिन ही वह पूरा इलाका बाढ़ के पानी में डूब गया. नगर निगम ने बढ़ा प्रभावित इलाके में पानी के करीब 20 टैंकर और 10 हजार लीटर पेयजल पहुंचाया है. इसके अलावा बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए 12 अस्थायी रैन बसेरे बनाए गए हैं.राहत और बचाव कार्य में 90 नौकाएं लगाई गई हैं.
ये भी पढ़ें: राहुल गांधी ने महिला पुलिसकर्मी को गलत तरीके से छुआ, प्रियंका ने कोहनी मारी- वीडियो जारी कर BJP ने लगाया आरोप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं