- यूपी कांग्रेस मुख्यालय में आराधना मिश्रा के पदभार ग्रहण के दौरान भारी बवाल मचा.
- विवाद की शुरुआत तब हुई जब ममता चौधरी ने अजय राय की उपस्थिति पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया था.
- ममता चौधरी ने अजय राय के समर्थकों द्वारा उन्हें अपशब्द कहे जाने का आरोप लगाते हुए पूरी घटना का खंडन किया था
रविवार को यूपी कांग्रेस मुख्यालय में जो कुछ हुआ, उसकी किसी को उम्मीद नहीं थी. मौका था हाल ही में यूपी कांग्रेस की अध्यक्ष बनीं आराधना मिश्रा मोना के पदभार ग्रहण का, लेकिन वहां जो बवाल कटा, उसने सारी हदें पार दी. पूर्व अध्यक्ष अजय राय के समर्थक भीषण उग्र नजर आए. गाली-गलौज के साथ-साथ धक्का-मुक्की तक हुई. आलम यहां तक पहुंचा कि जूता तक चला. पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा के पिता प्रमोद तिवारी अजय राय को हाथ जोड़कर शांत करते नजर आए. लेकिन अजय राय पूरे रौ में दिखे. उन्होंने धरना तक दिया. इस पूरे विवाद के केंद्र में ममता चौधरी का नाम निकल कर सामने आया है.
ममता चौधरी कौन हैं, जिस पर भड़के अजय राय समर्थक
ममता चौधरी लखनऊ के मालवीय नगर की पार्षद हैं. साथ ही वो यूपी कांग्रेस मध्य जोन महिला विंग की अध्यक्ष भी हैं. अजय राय के समर्थकों का आरोप है कि ममता चौधरी ने अजय राय को अपशब्द कहें. जिसके बाद उनके समर्थक बुरी तरह से भड़क उठे.
आखिर क्या बात हुई? जिस पर भड़के अजय राय?
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के करीबियों ने बताया कि दोपहर बाद अजय राय कांग्रेस दफ्तर पहुंचे और अपने दफ्तर के बाहर लगी तस्वीरों को प्रणाम कर रहे थे. इसी दौरान किसी ने कहा कि ये यहां क्या कर रहा हैं? इसकी शक्ल तक कोई नहीं देखना चाहता... अजय राय के करीबियों की माने तो ममता चौधरी ने यह बोला. जिसके बाद अजय राय नाराज हुए. इस बात की जानकारी मिलते ही उनके समर्थक आक्रोशित हो गए.
ममता चौधरी ने NDTV को बताई पूरी कहानी
इस पूरे विवाद पर NDTV ने ममता चौधरी से बातचीत की. एनडीटीवी से बात करते हुए ममता चौधरी ने कहा- पहली चीज तो मैं यह कहूंगी कि मुझे बिल्कुल यह उम्मीद नहीं थी कि हमारे पूर्व अध्यक्ष जी ऐसा करेंगे. उनके अध्यक्ष रहते आज तक हमारे-उनके बीच कभी कोई तू-तू, मैं-मैं तक नहीं हुई. मैंने उन्हें आते तक नहीं देखा कि अब वो आए.
औकात में रहा करो... अजय राय के इस बयान पर ममता भी भड़कीं
ममता चौधरी ने आगे कहा कि महिलाएं वहां बुके बगरैह अरेंज कर रही थी. अजय राय आगे से लौट कर आए और मुझपर चीखने लगे. कहने लगे कि औकात में रहा करो. तुम लोगों की कोई औकात नहीं है. जब वो औकात पर बार-बार बोलने लगे तो मैंने भी गुस्सा दिखाया. यहां कोई गुट नहीं था. यह सब भ्रम फैलाया जा रहा है.
आपको टारगेट क्यों किया गया... ममता ने दिया जवाब
आपको टारगेट क्यों किया गया इस सवाल पर ममता चौधरी ने कहा मेरा कोई विवाद नहीं था. अगर विवाद होता तो जब वो अध्यक्ष थे, तभी मुझपर कार्रवाई करतें. ममता चौधरी ने यह भी कहा कि वो सीनियर हैं हमारे. वो डांट भी सकते हैं. लेकिन यदि वो अपने गुर्गों से पिटवाएंगे तो यह मंजूर नहीं. इसकी कांग्रेस की गांधीवादी राजनीति में जगह नहीं है.
अजय राय ने क्या कहा?
इस पूरे मामले में अजय राय से अभी बहुत कुछ खुलकर नहीं बोला है. बस अजय राय ने गलत टिप्पणी करने वालों पर कार्रवाई की मांग के सवाल पर कहा, "निश्चित तौर पर कुछ ऐसे लोग हैं जो पार्टी विरोधी कार्य कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए."
कमेटी बनाए जाने की बात
लखनऊ कांग्रेस दफ्तर में रविवार को जो कुछ हुआ, उसकी जांच के लिए कमेटी बनाए जाने की चर्चा है. यह भी बात सामने आई है कि ममता चौधरी को सोमवार को दिल्ली बुलाया गया है. अब देखना है कि इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है.
यह भी पढे़ं - इधर आराधना मिश्रा ने संभाला काम और उधर बवाल, चल गए जूते; अजय राय को हाथ जोड़कर मनाते रहे प्रमोद तिवारी- VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं