विज्ञापन

'अयोध्या हुई हमारी, काशी-मथुरा की बारी' नारा नया नहीं, बचपन से लगाते आए हैं: केशव मौर्य

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में सपा और देश में कांग्रेस सत्ता में नहीं आने वाली है, जबकि बीजेपी जनता के समर्थन से आगे भी मजबूत बनी रहेगी.

'अयोध्या हुई हमारी, काशी-मथुरा की बारी' नारा नया नहीं, बचपन से लगाते आए हैं: केशव मौर्य
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य
@kpmaurya1
  • कानपुर देहात में कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा और कांग्रेस पर तीखा हमला किया.
  • मौर्य ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी प्रचंड बहुमत से फिर सरकार बनाएगी.
  • उन्होंने कहा कि सपा की साइकिल को जनता पंक्चर कर देगी और गुंडागर्दी को सत्ता में नहीं लौटने देगी.

यूपी के कानपुर देहात में कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी फिर से प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी. मौर्य ने कहा कि सपा और कांग्रेस चाहे गठबंधन करें या नहीं, इससे बीजेपी पर कोई असर नहीं पड़ेगा. उन्होंने कहा कि जनता सपा की 'साइकिल' को फिर से पंक्चर कर देगी और गुंडागर्दी, माफियावाद तथा दंगाइयों को सत्ता में लौटने नहीं देगी.

कार्यक्रम में साध्वी निरंजन ज्योति के आश्रम में आयोजित कथा और 51 जोड़ों के सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए मौर्य ने आश्रम और आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी. चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह "403 विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ेंगे."

शिवपाल यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मौर्य ने कहा कि 2017 में उनके नेतृत्व में बीजेपी ने सपा की "लुटिया डुबो दी थी" और 2022 में भी सपा सत्ता से दूर रही. उन्होंने दावा किया कि 2027 में भी समाजवादी पार्टी सत्ता में नहीं आ पाएगी.

अयोध्या, काशी और मथुरा को लेकर पूछे गए सवाल पर मौर्य ने कहा कि "अयोध्या हुई हमारी, काशी-मथुरा की बारी" का नारा नया नहीं है, बल्कि बचपन से लगाया जाता रहा है. उन्होंने कहा कि बीजेपी का लक्ष्य 2047 तक विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश का निर्माण करना है और इसके लिए जनता कमल खिलाने का संकल्प ले चुकी है. कांग्रेस और सपा के सत्ता में आने की कोई संभावना नहीं है, जबकि बीजेपी लगातार मजबूत हो रही है.

ये भी पढ़ें : पंजाब में 'बड़े भाई' के साथ ऐसे होगा सीट बंटवारा... BJP-अकाली दल में कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा चुनाव?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Keshav Prasad Maurya, Kashi Mathura
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com