आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शामली प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका परिषद और पुलिस प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली मीट, मछली, अंडा और नॉनवेज होटल संचालकों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं. साथ ही यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है.
कांवड़ मार्ग पर 14 दिनों तक बंद रहेंगी नॉनवेज दुकानें
नगर पालिका परिषद शामली की टीम ने शहर के फव्वारा चौक, आजाद चौक, एमएसके रोड और पूर्वी यमुना नहर तक पड़ने वाले कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया. इस दौरान मार्ग पर स्थित मीट, मछली, अंडा और नॉनवेज होटल संचालकों को नोटिस सौंपे गए. प्रशासन के अनुसार 30 जुलाई से 12 अगस्त तक कांवड़ यात्रा के दौरान इन सभी दुकानों को पूरी तरह बंद रखा जाएगा.
पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेशों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1916 के तहत कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों ने कहा कि नियमों का पालन सुनिश्चित करना सभी व्यापारियों की जिम्मेदारी है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
शराब की दुकानों को भी ढकने के निर्देश
प्रशासन ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित शराब की दुकानों को भी विशेष निर्देश जारी किए हैं. यात्रा के दौरान धार्मिक वातावरण बनाए रखने के लिए ऐसी दुकानों को ट्रिपल और अन्य आवरणों से ढकने की व्यवस्था की जाएगी ताकि श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान किया जा सके और किसी प्रकार का विवाद पैदा न हो.

कावड़ मार्ग कि मीट दुकानों को नोटिस दिया गया है.
डीजे संचालकों और शिविर संचालकों के साथ बैठक
कांवड़ यात्रा की तैयारियों के तहत कांधला थाना परिसर में सीओ कैराना हेमंत कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इसमें डीजे संचालक, डाक कांवड़ लेकर जाने वाले शिवभक्त और कांवड़ सेवा शिविर संचालक शामिल हुए. बैठक में शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई और सभी से उनका पालन करने की अपील की गई.
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित मानक से अधिक ऊंचाई वाले डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे. इसके अलावा यात्रा के दौरान केवल धार्मिक और भक्ति गीत ही बजाए जा सकेंगे. किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक या नियमों के विरुद्ध संगीत पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यातायात व्यवस्था पर प्रशासन की नजर
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराना उनकी प्राथमिकता है. इसके लिए सुरक्षा, यातायात, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर रही हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो.
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि शासन की गाइडलाइन का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों या संस्थानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन का लक्ष्य है कि कांवड़ यात्रा श्रद्धा, सुरक्षा और अनुशासन के साथ संपन्न हो और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी की नाक से बहता दिखा खून, पीएम आवास के बाहर पुलिस से धक्का-मुक्की में चोटिल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं