- हापुड़ के लिसाड़ी गांव में युवक विनोद की शादी रामपुर निवासी सीमा से हुई, जिसके लिए एक लाख रुपये नकद दिए गए थे.
- शादी के लगभग 24 घंटे बाद रात में नवविवाहिता सीमा सोने-चांदी के जेवर और सामान लेकर घर से फरार हो गई.
- फरार होने का मामला CCTV फुटेज में दर्ज हुआ, जिसमें रात के दो बजे महिला को घर से बाहर जाते देखा गया.
उत्तर प्रदेश के हापुड़ से शादी के नाम पर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. एक युवक ने बड़ी उम्मीदों के साथ शादी की. लेकिन उसके अरमान महज 24 घंटे में ही टूट गए. आरोप है कि नवविवाहिता रात के अंधेरे में घर से सोने-चांदी के जेवर और अन्य सामान लेकर फरार हो गई. दुल्हन के घर से बाहर निकलने का CCTV फुटेज भी सामने आया है. अब पीड़ित पति पुलिस से पत्नी की तलाश और कार्रवाई की गुहार लगा रहा है.
पूरा मामला हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र के लिसाड़ी गांव का है. गांव निवासी विनोद लंबे समय से शादी के लिए रिश्ता तलाश रहे थे. इसी दौरान उनकी मुलाकात गाजियाबाद में एक पंडित से हुई. विनोद ने शादी कराने की इच्छा जताई तो कथित तौर पर पंडित ने रामपुर निवासी सीमा से उनका रिश्ता कराया. बताया जा रहा है कि शादी के लिए विनोद की ओर से एक लाख रुपये नकद दिए गए थे. इसके बाद रामपुर के एक मंदिर में दोनों की शादी कराई गई. शादी के बाद विनोद अपनी नवविवाहिता पत्नी सीमा को लेकर गांव पहुंचा. परिवार में खुशी का माहौल था और सभी को लगा कि अब विनोद का घर बस गया है.
24 घंटे बाद ही रात के अंधेरे में दुल्हन फरार
हालांकि, यह खुशी ज्यादा समय तक नहीं टिक सकी. शादी के करीब 24 घंटे बाद ही रात के अंधेरे में कथित तौर पर सीमा घर से फरार हो गई. आरोप है कि वह अपने साथ सोने-चांदी के जेवर और कुछ अन्य सामान भी ले गई. इस पूरे मामले का CCTV फुटेज भी सामने आया है. फुटेज में रात करीब 2 बजे एक महिला घर से बाहर जाती दिखाई दे रही है. परिवार का दावा है कि यह महिला नवविवाहिता सीमा ही है. सुबह जब परिवार की नींद खुली तो दुल्हन घर से गायब थी. काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला.
पुलिस ने दर्ज किया केस
इसके बाद विनोद ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और पत्नी की तलाश की गुहार लगाई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. CCTV फुटेज की जांच की जा रही है और महिला की तलाश जारी है. विनोद का आरोप है कि शादी के लिए उसने बड़ी रकम खर्च की थी. उसे उम्मीद थी कि शादी के बाद उसका परिवार बस जाएगा, लेकिन अगले ही दिन पत्नी के घर छोड़कर चले जाने से वह परेशान है. फिलहाल महिला के फरार होने की असली वजह क्या है, क्या वह जेवर और सामान अपने साथ ले गई, और शादी कराने में शामिल लोगों की क्या भूमिका है, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
ये भी पढें : 36 साल की उम्र में हॉलीवुड एक्ट्रेस की मौत कैसे हुई, हिला देगी हेडन पैनेटियर की रियल कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं