- आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने यूपी की 100 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है
- पार्टी ने अब तक लगभग पंद्रह जिलों में बीस प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है और आगे विस्तार की योजना है
- उनके ऐलान से यूपी में दिलचस्प समीकरण बन सकते हैं.
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में एक और राजनीतिक दल की एंट्री होती दिख रही है. आजाद अधिकार सेना (AAS) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने यूपी की कम से कम 100 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. उनका कहना है कि पार्टी ने अभी तक लगभग 15 जिलों में 20 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है और आने वाले समय में प्रत्याशियों की संख्या और विधानसभा क्षेत्रों का विस्तार किया जाएगा. ऐसे में यूपी में आगामी चुनावों में नया समीकरण भी दिख सकता है, क्योंकि बड़े राजनीतिक दलों के बीच छोटे दलों ने भी चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं.
AAS का विस्तार भी होगा: अमिताभ ठाकुर
अमिताभ ठाकुर ने कहा 'प्रत्याशियों के चयन में पार्टी का मुख्य फोकस ऐसे लोगों पर रहा है जो अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार के विरोध तथा आम नागरिक के अधिकारों के संघर्ष को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध और सक्रिय रूप से कार्य करते रहे हैं. पार्टी केवल चुनाव लड़ने के लिए प्रत्याशी खड़े करने के बजाय ऐसे संघर्षशील व्यक्तियों को राजनीतिक मंच देना चाहती है जो अपने क्षेत्र में आम नागरिक की आवाज बन सकें. उन्होंने कहा कि आजाद अधिकार सेना का चुनावी संघर्ष सत्ता प्राप्ति मात्र का प्रयास नहीं, बल्कि नागरिकों को उनके संवैधानिक और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा अन्यायपूर्ण व्यवस्था के विरुद्ध संघर्ष को राजनीतिक रूप देने का अभियान है.'
ये भी पढे़ंः 'हथेली गरम, पुलिस नरम', अखिलेश ने पुलिस व्यवस्था को लेकर यूपी सरकार पर साधा निशाना
बता दें कि आजाद अधिकार सेना (AAS) यूपी में एक नया राजनीतिक दल है. जिसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश के पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर की तरफ से की गई है. वह 2021 से लगातार पार्टी के साथ यूपी की राजनीति में सक्रिए हैं. इस बार उन्होंने यूपी में होने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में लड़ने का ऐलान कर दिया है. ऐसे में उनका यह कदम यूपी की राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
ये भी पढ़ेंःमुजफ्फरनगर में 4 महीने में 22 को फांसी की सजा : ज्ञानवापी मस्जिद फैसले वाले जज दिवाकर फिर से सुर्खियों में
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं